झारखंड में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है। बंगाल की उत्तर-पश्चिम खाड़ी में बने गहरे निम्न दबाव क्षेत्र (डीप डिप्रेशन) के प्रभाव से राज्य में अगले तीन से चार दिनों तक अच्छी बारिश होने की संभावना है। इसी को देखते हुए रांची मौसम विज्ञान केंद्र ने सोमवार को 8 जिलों के लिए भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है।
इन जिलों में भारी बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग के अनुसार रांची, गुमला, लोहरदगा, लातेहार, गढ़वा, पलामू, चतरा और हजारीबाग जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। लोगों को सतर्क रहने और मौसम संबंधी सलाह का पालन करने की अपील की गई है।
आंधी, तेज हवा और वज्रपात का भी अलर्ट
बारिश के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। वहीं, झारखंड के लगभग सभी 24 जिलों में मेघ गर्जन और वज्रपात को लेकर भी चेतावनी जारी की गई है।
तापमान में गिरावट, गर्मी से मिली राहत
लगातार हो रही बारिश के कारण राज्य में उमस भरी गर्मी से राहत मिली है। अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है, जिससे मौसम सुहावना हो गया है।
लोगों और किसानों के लिए सलाह
मौसम विभाग ने भारी बारिश के दौरान निचले इलाकों में जलभराव और दृश्यता कम होने की आशंका जताई है। लोगों से खराब मौसम में अनावश्यक यात्रा से बचने, खुले मैदान या पेड़ों के नीचे शरण नहीं लेने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की गई है।
वहीं, लगातार हो रही बारिश को धान की खेती और बिचड़ा तैयार कर चुके किसानों के लिए लाभदायक बताया गया है। अगले कुछ दिनों तक राज्य में मानसून की सक्रियता बनी रहने की संभावना है।

