Site icon Jharkhand LIVE

झारखंड में मानसून का रौद्र रूप, सभी 24 जिलों में ऑरेंज अलर्ट; अगले 48 घंटे भारी बारिश का खतरा

झारखंड में मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है। बंगाल की खाड़ी में बने नए निम्न दबाव क्षेत्र (लो प्रेशर सिस्टम) के प्रभाव से राज्यभर में अगले 48 घंटे तक मौसम खराब रहने की संभावना है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के रांची मौसम केंद्र ने सभी 24 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए भारी से बहुत भारी बारिश, वज्रपात और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी है।

आज इन जिलों में बारिश के आसार

शनिवार को रांची, बोकारो, गुमला, हजारीबाग, खूंटी, रामगढ़, लोहरदगा, कोडरमा, धनबाद, देवघर, दुमका, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़ और साहिबगंज समेत कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं उत्तर-पूर्वी झारखंड और धनबाद से सटे क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है।

13 जुलाई को इन जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश

मौसम विभाग के अनुसार रविवार को मानसून और अधिक सक्रिय रहेगा। संथाल परगना और कोल्हान प्रमंडल के कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है।

उत्तर-पूर्वी जिले:

देवघर, दुमका, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़, साहिबगंज और धनबाद।

दक्षिण-पूर्वी जिले:

पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां।

14 जुलाई को भी जारी रहेगा बारिश का दौर

सोमवार को भी चतरा, रामगढ़, हजारीबाग, कोडरमा, बोकारो समेत राज्य के उत्तरी और पूर्वी हिस्सों में तेज बारिश का सिलसिला जारी रहने का अनुमान है।

वज्रपात को लेकर विशेष सतर्कता

मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों के नीचे खड़े नहीं होने की अपील की है। हाल ही में गुमला में वज्रपात से दो लोगों की मौत हो चुकी है, इसलिए लोगों को अतिरिक्त सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

बारिश से सूखे जैसे हालात से मिलेगी राहत

इस बार 1 जून से 11 जुलाई के बीच झारखंड में सामान्य से करीब 36 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है। गढ़वा और चतरा जैसे जिले सबसे अधिक वर्षा की कमी से प्रभावित रहे हैं। मौसम विभाग का मानना है कि अगले कुछ दिनों की बारिश से जल संकट और सूखे जैसे हालात में राहत मिलने की उम्मीद है।

Exit mobile version