Site icon Jharkhand LIVE

झारखंड में फिर बदला मौसम, बारिश के साथ गरज-चमक और तेज हवा का अलर्ट; 5 दिनों तक ऐसा रहेगा मौसम

झारखंड में मानसून की सक्रियता के बीच मौसम का मिजाज फिर बदल गया है। राजधानी रांची समेत राज्य के कई हिस्सों में बारिश और गरज-चमक की स्थिति बनी हुई है। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक राज्य में बारिश के साथ वज्रपात और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है।

मौसम केंद्र रांची के अनुसार 8 सितंबर को रांची में आम तौर पर बादल छाए रहने और कुछ दौर में बारिश या गरज के साथ बौछार पड़ने का अनुमान है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने और वज्रपात की भी संभावना है।

9 से 12 सितंबर तक बारिश का दौर

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक 9 सितंबर को भी रांची समेत आसपास के इलाकों में बादल छाए रहेंगे और बारिश या गरज के साथ बौछार पड़ सकती है। 10 सितंबर को मध्यम बारिश की संभावना है। वहीं 11 और 12 सितंबर को भी कई इलाकों में बारिश और गरज-चमक का दौर जारी रह सकता है।

राज्य में अगले कुछ दिनों के दौरान गरज के साथ बारिश के समय तेज हवाएं चलने की संभावना को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

रांची में 60 मिमी बारिश रिकॉर्ड

मौसम केंद्र के आंकड़ों के अनुसार 8 सितंबर की सुबह तक पिछले 24 घंटे में रांची में 60 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। रांची में आज न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम तापमान करीब 30 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

मौसम विभाग के अनुसार बारिश और वज्रपात के दौरान लोगों को खुले मैदान, पेड़ और बिजली के खंभों के पास जाने से बचना चाहिए। मौसम खराब होने पर अनावश्यक यात्रा नहीं करने की भी सलाह दी गई है।

Exit mobile version