झारखंड में एक बार फिर मौसम करवट लेने वाला है। राज्य के कई हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक बारिश और गरज-चमक के साथ वज्रपात की संभावना बनी हुई है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक 17 सितंबर से 24 सितंबर तक राज्य में कहीं-कहीं हल्की बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।
गुरुवार को भी राज्य के कई इलाकों में बादल छाए रहने के साथ बारिश की संभावना है। वहीं, बोकारो, देवघर, धनबाद, दुमका, गिरिडीह, हजारीबाग, जामताड़ा, खूंटी, कोडरमा, पाकुड़, रामगढ़ और रांची समेत कई जिलों में गरज-चमक और वज्रपात को लेकर विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत है। कुछ स्थानों पर तेज हवा चलने की भी संभावना जताई गई है।
आने वाले दिनों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। 18 सितंबर को भी राज्य के कई हिस्सों में बारिश हो सकती है। 19 से 22 सितंबर के बीच भी कुछ स्थानों पर बौछारें पड़ने का अनुमान है। वहीं 23 और 24 सितंबर को कुछ इलाकों में गरज के साथ बारिश और आंधी की स्थिति बन सकती है।
बारिश के बीच तापमान में बहुत बड़ी गिरावट की संभावना नहीं है। अधिकतम तापमान करीब 30 से 34 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 23 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग ने वज्रपात के दौरान लोगों को खुले स्थानों पर जाने से बचने और सुरक्षित स्थान पर रहने की सलाह दी है। किसानों और ग्रामीण इलाकों में रहने वाले लोगों को भी मौसम खराब होने के दौरान विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।

