झारखंड में मौसम इन दिनों पूरी तरह अस्थिर बना हुआ है। सुबह-शाम हल्की ठंड और दोपहर में तेज धूप से तापमान में लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र रांची के अनुसार फिलहाल राज्य में शीतलहर की स्थिति नहीं बन रही, लेकिन न्यूनतम तापमान धीरे-धीरे बढ़ रहा है। 23 नवंबर से अधिकांश जिलों में बादलों की आवाजाही बढ़ने की संभावना जताई गई है, जिससे रात और सुबह की ठंड में मामूली कमी आ सकती है, जबकि दिन में गर्माहट और उमस बनी रह सकती है।
तापमान में उतार-चढ़ाव से बढ़ी परेशानी, डॉक्टरों ने दी सावधानी की सलाह
मौसम की इस अनिश्चितता का सबसे अधिक प्रभाव बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों पर पड़ रहा है। डॉक्टरों का कहना है कि तापमान में अचानक बदलाव सर्दी, खांसी, वायरल फीवर और एलर्जी के मामलों को बढ़ा सकता है। ऐसे में लोगों को सुबह-शाम ठंड से बचाव और दोपहर की धूप से सुरक्षा दोनों पर ध्यान देने की सलाह दी गई है।
शुक्रवार को रांची में न्यूनतम तापमान 13.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से अधिक है। वहीं, चाईबासा का अधिकतम तापमान 30 डिग्री, मेदिनीनगर का 28.8 डिग्री और जमशेदपुर का 29.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया – जो नवंबर माह में असामान्य गर्मी का संकेत है।
मौसम विभाग के अनुसार 21 से 25 नवंबर तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में आसमान साफ रहेगा। हालांकि 23 और 24 नवंबर को बादल छाने की संभावना है, लेकिन बारिश के आसार नहीं हैं। 25 नवंबर तक अधिकतम तापमान में 1 से 3 डिग्री की गिरावट संभव है, जिससे दोपहर की गर्मी में थोड़ी राहत मिलेगी।
रांची, गुमला, लोहरदगा, चतरा और हजारीबाग में रात के तापमान में गिरावट जारी है, जो 10–13 डिग्री तक पहुंच चुका है और 25 नवंबर तक 9–11 डिग्री तक जा सकता है।