झारखंड के विभिन्न हिस्सों में हुई बारिश के बाद लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है। कई जिलों में तापमान 10 डिग्री सेल्सियस तक नीचे आ गया है। मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ घंटों के दौरान राज्य के 16 जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इसके साथ ही गरज-चमक और वज्रपात की भी आशंका जताई गई है।
ऑरेंज अलर्ट वाले जिलों में संताल परगना प्रमंडल के देवघर, दुमका, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़ और साहिबगंज शामिल हैं। वहीं धनबाद, बोकारो, गिरिडीह, रांची, रामगढ़, हजारीबाग, गुमला, खूंटी, कोडरमा और चतरा जिलों में भी खराब मौसम की संभावना को देखते हुए सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
मौसम विभाग ने लोगों से वज्रपात और तेज आंधी के दौरान खुले स्थानों में नहीं रहने की अपील की है। पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने, बिजली कड़कने के समय इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को प्लग से निकालने तथा खराब मौसम के दौरान सुरक्षित पक्के भवनों में शरण लेने की सलाह दी गई है। किसानों को भी खेतों में काम करते समय विशेष सावधानी बरतने को कहा गया है।

