Site icon Jharkhand LIVE

झारखंड ने रचा इतिहास: हरियाणा को 69 रन से हराकर पहली बार सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी पर कब्जा

झारखंड ने भारतीय घरेलू क्रिकेट में नया इतिहास रच दिया है। पुणे के एमसीए स्टेडियम में खेले गए सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2025 के फाइनल मुकाबले में झारखंड ने हरियाणा को 69 रन से हराकर पहली बार इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट का खिताब अपने नाम कर लिया। शानदार बल्लेबाजी और घातक गेंदबाजी के दम पर झारखंड ने एकतरफा जीत दर्ज की।

पहले बल्लेबाजी करते हुए झारखंड की टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में तीन विकेट के नुकसान पर 262 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम के कप्तान ईशान किशन ने फाइनल में ऐतिहासिक पारी खेलते हुए मात्र 49 गेंदों पर 101 रन बनाए। उनकी इस विस्फोटक पारी में छह चौके और 10 गगनचुंबी छक्के शामिल रहे। उनके साथ कुमार कुशाग्र ने भी जबरदस्त बल्लेबाजी करते हुए 38 गेंदों में 81 रन ठोक दिए।

इसके अलावा अनुकूल रॉय ने 20 गेंदों पर 40 रन और रॉबिन मेंस ने 14 गेंदों पर 31 रन की तेजतर्रार पारी खेलकर हरियाणा के गेंदबाजों की एक न चलने दी।

गेंदबाजों ने भी दिखाया दम, 193 पर सिमटी हरियाणा

263 रन के मुश्किल लक्ष्य का पीछा करने उतरी हरियाणा की टीम शुरुआत से ही दबाव में नजर आई। पहले ही ओवर में विकास सिंह ने दो अहम विकेट झटककर झारखंड को शानदार बढ़त दिला दी। इसके बाद झारखंड के गेंदबाजों ने लगातार विकेट गिराते हुए हरियाणा को संभलने का मौका नहीं दिया।

हरियाणा की पूरी टीम 18.2 ओवरों में 193 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। टीम की ओर से यशवर्धन ने 53 रन, समंत जाकर ने 38 रन और निशांत सिंधु ने 31 रन बनाए, लेकिन कोई भी बल्लेबाज बड़ी साझेदारी नहीं कर सका।

झारखंड की गेंदबाजी में सुशांत मिश्रा और बालकृष्ण ने तीन-तीन विकेट झटके, जबकि विकास सिंह और अनुकूल रॉय को दो-दो विकेट मिले।

विजेता टीम का भव्य स्वागत कल रांची एयरपोर्ट पर

ऐतिहासिक जीत के बाद झारखंड की विजेता टीम कल सुबह 8:30 बजे रांची पहुंचेगी। टीम के स्वागत के लिए बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर झारखंड राज्य क्रिकेट संघ (JSCA) के पदाधिकारी, आजीवन सदस्य, कंट्री क्रिकेट क्लब के अधिकारी और सदस्य मौजूद रहेंगे।

रांची के सभी क्रिकेट प्रेमियों से अपील की गई है कि वे एयरपोर्ट पहुंचकर सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी जीतने वाली झारखंड टीम के भव्य स्वागत में शामिल होकर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाएं।

Exit mobile version