बाबूलाल मरांडी की छोटी बहन 7 साल बाद राजस्थान से मिली, परिवार में खुशी की लहर

पूर्व मुख्यमंत्री और बीजेपी विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी के घर खुशी की लहर है। 7 साल बाद वह अपनी छोटी बहन मैसूनी देवी से मुलाकात करेंगे। परिवार के लोग भी मैसूनी देवी से मुलाकात के लिए उत्साहित है।
दरअसल बाबूलाल मरांडी की छोटी बहन मैसूनी देवी 2000 से ही डिप्रेशन और मानसिक बीमारी से ग्रसित थीं और रांची में उनका इलाज चल रहा था, लेकिन इस बीच वह साल 2012 में घर से चुपचाप निकल गई। तब बाबूलाल के परिवार के लोगों ने उनकी बहुत खोजबीन की, लेकिन वह नहीं मिली।
वहीं परिवार से बिछड़ कर मैसूनी देवी भटकते-भटकते राजस्थान पहुंच गई थी। कई साल तक वह राजस्थान के अलग अलग इलाको में रही। इसी बीच वह भटकते हुए मई 2018 में “अपना घर” आश्रम बझेरा पहुंच गई। यही आश्रम में उनका इलाज हुआ। जिसके बाद वह ठीक हो गई।
इसके बाद जब आश्रम के लोगों ने उनसे पूछताछ की तो उन्होंने बताया कि वह बाबूलाल मरांडी की छोटी बहन हैं। इसके बाद आश्रम के संस्थापक बीएम भारद्वाज ने बाबूलाल से संपर्क किया और उन्हें इस बारे में जानकारी दी।इसके बाद बाबूलाल मरांडी ने अपने छोटे भाई नूनूलाल मरांडी और उनके बेटे सुलेमान को भरतपुर भेजा और वह अब मैसूनी देवी को लेकर वापस झारखंड लौट रहे हैं।
भटकते-भटकते पहुंच गई थीं राजस्थान
मैसूनी देवी की शादी गिरिडीह के तिसरी प्रखंड में ही हुई थी। उनके पति किसान हैं। उन्हें 3 बेटा और 2 बेटी हैं। सभी फिर से उनके मिलने की उम्मीद छोड़ चुके थे, लेकिन जब आश्रम के सचिव भूदेव शर्मा की ओर से परिजनों को सूचना दी गई, तो घर में एक बार फिर खुशियां लौट आई है।