रांचीवासियों को गर्मी से मिली राहत, 15 मई तक तेज हवा के साथ बारिश के आसार

रांचीवासियों को गर्मी से राहत मिली है। राजधानी रांची का तापमान तीन डिग्री गिर गया है और आगे गर्मी से राहत मिलने का अनुमान लगाया गया है। मंगलवार को रांची का अधिकतम तापमान 32 डिग्री रिकार्ड किया गया, जबकि एक दिन पहले 35 डिग्री रिकार्ड किया गया था।
भारतीय मौसम विज्ञान केंद्र (रांची) के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि अगले चार दिनों तक रांची सहित झारखंड के कई हिस्सों में बारिश के साथ गरज के साथ तेज आंधी-तूफान व वज्रपात की संभावना है। 30 से 40 किमी की रफ्तार से हवा चलने की संभावना है। राज्य के राज्य के मध्य, दक्षिणी, उत्तर-पूर्वी हिस्से में तेज बारिश के आसार है।
उन्होंने बताया कि मंगलवार को रांची का अधिकतम तापमान 32 डिग्री, न्यूनतम 22 डिग्री, जमशेदपुर का अधिकतम तापमान 34 डिग्री, न्यूनतम 23 डिग्री और डालटनगंज का अधिकतम 36 डिग्री और न्यूनतम 24 डिग्री दर्ज किया गया है।
कुछ क्षेत्रों में गरज के साथ होगी बूंदाबंदी
मौसम विज्ञान केंद्र की पूर्वानुमान रिपोर्ट के अनुसार, 12 से 15 मई तक आंशिक बादल छाए रहेंगे। गरज के साथ बारिश होने की संभावना है। 12 मई को अधिकतम तापमान 35 डिग्री और न्यूनतम 21 डिग्री, 13 मई को अधिकतम 34 डिग्री और न्यूनतम 20 डिग्री, 14 मई को अधिकतम 36 डिग्री और न्यूनतम 21 डिग्री और 15 मई को अधिकतम 37 डिग्री और न्यूनतम 22 डिग्री रहने की संभावना है।