रांची में अगले तीन दिनों तक छाए रहेंगे बादल, लेकिन ठंड…

राजधानी रांची का मौसम बदल गया है। सोमवार सुबह से ही यहां बादल छाया हुआ है और हल्की धुंध है, लेकिन कनकनी से राहत है। ठंड नहीं बढ़ी है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले तीन दिनों तक राजधानी में यही स्थिति बनी रहेगी। रविवार को राजधानी रांची का न्यूनतम तापमान 12.6 डिग्री रिकार्ड किया गया, जो सामान्य से 3.7 डिग्री ज्यादा था।
मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि अगले तीन दिनों तक रांची में बादल छाए रहेंगे, लेकिन बादल छाने के बाद भी रांची के तापमान में किसी प्रकार की कोई गिरावट नहीं आएगी। इस दौरान रांची का औसत न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस और औसत उच्चतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहेगा।
पश्चिमी विक्षोभ के कारण दिख रहा है बदलाव
इसके साथ मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि जम्मू कश्मीर में पश्चिमी विक्षोभ प्रभावी है। इसके कारण राजस्थान में एक सर्कुलेशन बना हुआ है। इसके असर रांची समेत झारखंड के अन्य हिस्सों में बादल छाए रहेंगे।
क्या है अन्य जिलों का हाल
वहीं राज्य में हजारीबाग और पूर्वी सिंहभूम का औसत तापमान 09-10 डिग्री रिकार्ड किया गया। जबकि पलामू, चतरा, लातेहार, लोहरदगा, रामगढ़, गुमला, खूंटी और रांची का औसत न्यूनतम तापमान 13-14 डिग्री के बीच रिकार्ड किया गया। राज्य में सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान चाईबासा में 28 डिग्री रिकार्ड किया गया जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान बोकारो 10.6 डिग्री रिकार्ड किया गया।अन्य जिलों में औसत न्यूनतम तापमान 11-12 डिग्री के बीच रिकार्ड किया गया।