सिल्ली से JMM के विधायक अमित महतो ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को चिट्ठी लिखकर झारखण्ड लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित की जाने वाली 14वीं सिविल सेवा परीक्षा में उम्र सीमा में छूट देने की मांग की है।
उन्होंने पत्र में लिखा है
महाशय, उपर्युक्त विषय प्रासंगिक पत्र की प्रति संलग्न करते हुए कहना है कि झारखण्ड लोक सेवा आयोग द्वारा निकट भविष्य में 14वीं सिविल सेवा प्रतियोगिता परीक्षा का आयोजन किया जाना है। अपुष्ट खबरों के अनुसार उक्त परीक्षा में उम्र की गणना 1 अगस्त 2024 से की जानी है। उक्त के आलोक में मैं श्रीमान का ध्यान निम्न बिन्दुओं की ओर आकृष्ट करना चाहता हूँ:-
1. झारखण्ड गठन से अबतक मात्र आठ (08) सिविल सेवा परीक्षा का आयोजन किया गया है।
2. उक्त 08 सिविल सेवा परीक्षा में से भी 03 (तीन) परीक्षाओं का आयोजन वर्तमान महागठबंधन सरकार के कार्यकाल में किया गया है।
3. वर्त्तमान महागठबंधन सरकार से आमजन की अपेक्षाएँ और आकांक्षाएँ भी अत्यधिक हैं।
4. हमारा राज्य अत्यंत पिछड़े राज्यों की श्रेणी में आता है, जहाँ योग्य अभ्यर्थी अपनी पारिवारिक, सामाजिक एवं आर्थिक समस्याओं से ग्रसित होकर समय पर पूरे मनोयोग से परीक्षा की तैयारी नहीं कर पाते।
5. सिविल सेवा परीक्षा यह अवसर प्रदान करता है कि एक योग्य अभ्यर्थी समाज के निचले पायदान से उठकर अपने समाज और राज्य की सेवा कर सके।
अतएव वर्णित तथ्यों के आलोक में मैं, सभी अभ्यर्थियों की ओर से आपसे करबद्ध निवेदन करता हूँ कि आगामी 14 वीं सिविल सेवा परीक्षा में अधिकतम उम्र सीमा की गणना 01 अगस्त 2018 करने की कृपा करें।