Site icon Jharkhand LIVE

JSLPS में नई HR पॉलिसी लागू, 1300 अतिरिक्त पदों पर रोजगार के अवसर; कर्मचारियों के वेतन में 60% तक बढ़ोतरी

झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (JSLPS) में लंबे इंतजार के बाद नई मानव संसाधन व्यवस्था (HR पॉलिसी) लागू कर दी गई है। ग्रामीण विकास, ग्रामीण कार्य एवं पंचायती राज मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की पहल के बाद नई व्यवस्था को मंजूरी मिली है। इसके लागू होने से JSLPS में करीब 1300 अतिरिक्त पदों पर रोजगार के अवसर सृजित होंगे।

नई HR पॉलिसी से संस्था की कार्यक्षमता बढ़ाने के साथ राज्य के युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर खुलने की उम्मीद है। वहीं, वर्तमान कर्मचारियों के वेतन और सुविधाओं में भी महत्वपूर्ण बढ़ोतरी की गई है।

L5 से L8 तक के कर्मचारियों के वेतन में 60% तक बढ़ोतरी

नई मानव संसाधन व्यवस्था के तहत L5 से L8 स्तर तक के कर्मचारियों के वेतन में 60 प्रतिशत तक की वृद्धि की गई है। इसके अलावा कर्मचारियों को मिलने वाले लैपटॉप और संचार भत्ते में भी बढ़ोतरी की गई है।

JSLPS कर्मियों को पहली बार शिक्षा भत्ता और व्यावसायिक विकास भत्ता भी मिलेगा। इससे कर्मचारियों के बच्चों की शिक्षा और उनके पेशेवर कौशल विकास में मदद मिलने की उम्मीद है। इसके साथ ही कर्मचारी हर महीने स्वास्थ्य लाभ के लिए 1,000 रुपये तक का दावा कर सकेंगे।

ग्रेच्युटी और बीमा सुविधाओं में भी बढ़ोतरी

नई HR पॉलिसी के तहत पात्र कर्मचारियों को ग्रेच्युटी का लाभ मिलेगा। प्रखंड स्तर पर कार्यरत कर्मियों के क्षेत्र भ्रमण भत्ते में बढ़ोतरी की गई है, जबकि जिला स्तर के कर्मचारियों को भी क्षेत्र भ्रमण भत्ता दिया जाएगा।

कर्मचारियों के समूह व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा की राशि 20 लाख रुपये से बढ़ाकर 30 लाख रुपये कर दी गई है। वहीं, समूह मेडिक्लेम बीमा की राशि भी 5 लाख रुपये से बढ़ाकर 20 लाख रुपये कर दी गई है। इससे कर्मचारियों और उनके परिवारों को गंभीर बीमारी या आकस्मिक चिकित्सा की स्थिति में बेहतर आर्थिक सुरक्षा मिल सकेगी।

‘कर्मियों के सुरक्षित और खुशहाल भविष्य के लिए बड़ा कदम’

ग्रामीण विकास, ग्रामीण कार्य एवं पंचायती राज मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि JSLPS कर्मियों के सुरक्षित, समृद्ध और खुशहाल भविष्य के लिए नई मानव संसाधन व्यवस्था एक बड़ा कदम है। लंबे समय से कर्मचारी नई HR पॉलिसी लागू करने की मांग कर रहे थे, जिसे अब सरकार ने पूरा किया है।

उन्होंने कहा कि नई व्यवस्था से अतिरिक्त पदों पर रोजगार सृजन के साथ संस्था के कामकाज को भी गति मिलेगी। आने वाले समय में JSLPS सफलता के नए आयाम स्थापित करेगा, इसका उन्हें पूरा भरोसा है।

Exit mobile version