JSSC CGL पेपर लीक मामले में सीआईडी ने जांच तेज करते हुए 10 आरोपियों के खिलाफ विस्तृत पूरक चार्जशीट दाखिल की है। पूरक आरोप पत्र संख्या 28/26 अदालत में समर्पित किया गया है। झारखंड और बिहार के आरोपियों को शामिल करते हुए दाखिल करीब 5200 पन्नों की इस चार्जशीट में पेपर लीक सिंडिकेट के नेटवर्क, तकनीकी साक्ष्य, कॉल डिटेल, बैंक लेन-देन और आरोपियों के इकबालिया बयानों को आधार बनाया गया है।
अंतरराज्यीय गिरोह के सात सदस्यों पर आरोप पत्र
सीजीएल पेपर लीक मामले की जांच के दौरान सीआईडी ने अंतरराज्यीय गिरोह का खुलासा किया था। जांच में पेपर लीक से जुड़े सिंडिकेट के कई सदस्यों की भूमिका सामने आयी थी। इसके बाद अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी कर गिरोह से जुड़े लोगों को गिरफ्तार किया गया।
अब जुटाये गये साक्ष्यों के आधार पर देवघर के मार्गोमुंडा निवासी सुषमा उर्फ सुषमा तिवारी, अक्षय तिवारी, अभय तिवारी, धनबाद के राजगंज निवासी विजय तिवारी, धनबाद टाउन निवासी दीपक, गिरिडीह के बेंगाबाद निवासी समीर और बिहार के सारण निवासी आनंद सिंह समेत सात लोगों के खिलाफ पूरक चार्जशीट दाखिल की गयी है।
साक्ष्य मिटाने के आरोप में तीन अन्य अभियुक्त
सीआईडी ने साक्ष्य मिटाने के आरोप में बिहार के रोहतास निवासी सोमांश प्रकाश, वैशाली निवासी राहुल कुमार और बोकारो के दुग्दा निवासी उमेश कुमार राय को भी अभियुक्त बनाया है। पूरक चार्जशीट में सभी आरोपियों की भूमिका और उनके खिलाफ जुटाये गये साक्ष्यों का विस्तृत ब्योरा दिया गया है। अब अदालत में दाखिल रिपोर्ट के आधार पर मामले की आगे की न्यायिक प्रक्रिया चलेगी।

