Site icon Jharkhand LIVE

JSSC फील्ड वर्कर परीक्षा 5 जुलाई को, JPSC JET की रद्द परीक्षा 14 जून को होगी

झारखंड में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए बड़ी अपडेट सामने आई है। झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) ने फील्ड वर्कर (क्षेत्रीय कार्यकर्ता) भर्ती परीक्षा की तारीख घोषित कर दी है। आयोग द्वारा 510 पदों के लिए यह परीक्षा 5 जुलाई 2026 को आयोजित की जाएगी। वहीं झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) ने झारखंड पात्रता परीक्षा (JET) से जुड़ा नया शेड्यूल जारी करते हुए रद्द हुए दो विषयों की परीक्षा 14 जून 2026 को कराने की घोषणा की है।
JSSC द्वारा आयोजित फील्ड वर्कर परीक्षा राज्य के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर होगी। आयोग के अनुसार एडमिट कार्ड जून 2026 के अंतिम सप्ताह में आधिकारिक वेबसाइट पर जारी किए जा सकते हैं। इस भर्ती अभियान के तहत कुल 510 पदों पर नियुक्ति की जाएगी। इनमें सामान्य वर्ग के लिए 230, अनुसूचित जाति के लिए 133, अनुसूचित जनजाति के लिए 44 तथा आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) के लिए 51 पद आरक्षित किए गए हैं।
इधर JPSC ने झारखंड पात्रता परीक्षा (JET) को लेकर भी अहम सूचना जारी की है। आयोग ने बताया कि ‘शिक्षा’ और ‘उड़िया’ विषय की परीक्षा अब 14 जून 2026 को सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक रांची केंद्र में आयोजित की जाएगी। इससे पहले 26 अप्रैल 2026 को हुई मुख्य परीक्षा के दौरान प्रश्नपत्रों की कमी और प्रिंटिंग गड़बड़ी के कारण इन दोनों विषयों की परीक्षा रद्द करनी पड़ी थी।
प्रभावित अभ्यर्थी 10 जून 2026 से JPSC की आधिकारिक वेबसाइट से नया एडमिट कार्ड और उपस्थिति पत्रक डाउनलोड कर सकेंगे। दोनों आयोगों ने उम्मीदवारों को सलाह दी है कि वे किसी भी अपडेट के लिए केवल आधिकारिक वेबसाइट पर ही भरोसा करें।
इस बीच झारखंड हाई कोर्ट ने राज्य सरकार और JPSC को निर्देश दिया है कि आगामी JET परीक्षाओं में लाइब्रेरी साइंस और फिजिकल एजुकेशन जैसे नए विषयों को शामिल करने पर 12 सप्ताह के भीतर विचार किया जाए।

Exit mobile version