झारखंड में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी है। झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) ने विभिन्न विभागों में तकनीकी और विशिष्ट योग्यता वाले पदों पर भर्ती के लिए अधिसूचना जारी कर दी है। आयोग ‘झारखंड तकनीकी/विशिष्ट योग्यताधारी स्नातक स्तरीय संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा-2026’ के जरिए करीब 600 रिक्त पदों पर नियुक्ति करेगा।

इस भर्ती अभियान में नियमित और बैकलॉग दोनों श्रेणियों के पद शामिल किए गए हैं। राज्य के स्वास्थ्य, सांख्यिकी और अन्य विभागों में स्नातक अभ्यर्थियों को नौकरी पाने का अवसर मिलेगा।

इन पदों पर होगी भर्ती

JSSC द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार कई महत्वपूर्ण तकनीकी पदों के लिए आवेदन मांगे गए हैं। इनमें प्रमुख रूप से शामिल हैं:

वेक्टर जनित रोग निरीक्षक

प्रयोगशाला सहायक

प्रखंड सांख्यिकी पर्यवेक्षक

अंकेक्षक

गव्य तकनीकी पदाधिकारी

मत्स्य प्रसार पर्यवेक्षक

कनीय वैज्ञानिक सहायक

आवेदन की महत्वपूर्ण तारीखें

आयोग ने आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन रखी है। इच्छुक अभ्यर्थी JSSC की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से आवेदन कर सकेंगे।

ऑनलाइन आवेदन शुरू : 1 जून 2026

आवेदन की अंतिम तिथि : 30 जून 2026 (मध्य रात्रि तक)

त्रुटि सुधार की अंतिम तिथि : 10 जुलाई 2026

ऐसे करें आवेदन

अभ्यर्थियों को सबसे पहले JSSC की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर रजिस्ट्रेशन करना होगा। इसके बाद आवश्यक दस्तावेज अपलोड कर आवेदन शुल्क जमा करना होगा। आवेदन जमा करने से पहले उम्मीदवारों को अपनी जानकारी सावधानीपूर्वक जांचने की सलाह दी गई है।

युवाओं के लिए बड़ा अवसर

राज्य में लंबे समय बाद इतने बड़े स्तर पर तकनीकी पदों पर भर्ती निकाली गई है। ऐसे में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए यह सुनहरा मौका माना जा रहा है। खासकर स्वास्थ्य और सांख्यिकी क्षेत्र में करियर बनाने वाले उम्मीदवारों को इससे बड़ा लाभ मिल सकता है।