चतरा जिले के सदर प्रखंड स्थित कमात गांव में शुक्रवार से सात दिवसीय शिव परिवार प्राण-प्रतिष्ठा सह रुद्र महायज्ञ का शुभारंभ श्रद्धा और भक्ति के माहौल में हुआ। वैदिक मंत्रोच्चार, भजन और “हर-हर महादेव” के जयघोष से पूरा गांव भक्तिमय वातावरण में डूबा नजर आया।

महायज्ञ की शुरुआत भव्य कलश यात्रा के साथ हुई, जिसमें बड़ी संख्या में महिला-पुरुष श्रद्धालु पारंपरिक परिधानों में शामिल हुए। श्रद्धालुओं ने शिव मंदिर परिसर से कलश यात्रा निकाली, जो मरमदीरी स्कूल मैदान होते हुए चुआड़ी नदी तक पहुंची। वहां वैदिक रीति-रिवाजों के साथ कलश में पवित्र जल भरकर श्रद्धालु यज्ञशाला लौटे।

इसके बाद अयोध्या से पहुंचे आचार्य पंडित शिव कुमार शास्त्री और उनकी टीम ने विधि-विधान से कलश स्थापना एवं अन्य धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराए। आयोजन को लेकर गांव के युवाओं और बच्चों में भी खासा उत्साह देखा गया।

यज्ञ समिति के सदस्यों ने बताया कि सात दिनों तक रुद्र महायज्ञ के दौरान धार्मिक अनुष्ठान, प्रवचन, भजन-कीर्तन और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। श्रद्धालुओं के मनोरंजन के लिए मेले का भी आयोजन किया गया है।

कार्यक्रम में पहुंचे सांसद काली चरण सिंह ने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में आध्यात्मिक चेतना और सामाजिक एकता को मजबूत करते हैं। वहीं विधायक जनार्दन पासवान ने भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा को जीवित रखने में इस तरह के आयोजनों की अहम भूमिका बताई।

यज्ञ समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि आयोजन की तैयारी कई दिनों से चल रही थी और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण और गणमान्य लोग मौजूद रहे।