Site icon Jharkhand LIVE

देवघर में बाबा बैद्यनाथ धाम पहुंचीं BJP सांसद कंगना रनौत, विधि-विधान से की पूजा-अर्चना

हिमाचल प्रदेश के मंडी संसदीय क्षेत्र से सांसद और बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनौत शनिवार को झारखंड के देवघर पहुंचीं, जहां उन्होंने विश्व प्रसिद्ध बाबा बैद्यनाथ धाम में पूजा-अर्चना की। कंगना दिल्ली से हवाई मार्ग के जरिए देवघर एयरपोर्ट पहुंचीं। उनके आगमन को लेकर जिला प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों द्वारा पहले से ही पुख्ता इंतजाम किए गए थे।

देवघर एयरपोर्ट पर प्रशासनिक अधिकारियों और सुरक्षा बलों की निगरानी में कंगना रनोट को सीधे देवघर सर्किट हाउस ले जाया गया। इस दौरान किसी भी तरह की अव्यवस्था या भीड़भाड़ से बचने के लिए विशेष सतर्कता बरती गई। एयरपोर्ट से लेकर सर्किट हाउस और मंदिर मार्ग तक सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद रही।

सर्किट हाउस में कुछ समय विश्राम करने के बाद कंगना रनौत बाबा बैद्यनाथ मंदिर के लिए रवाना हुईं। उनके मंदिर पहुंचने से पहले मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती की गई थी।

बाबा धाम में दर्शन से मिली आध्यात्मिक शांति, श्रद्धालुओं में दिखा उत्साह

बाबा बैद्यनाथ धाम पहुंचने पर कंगना रनोट ने पूरे विधि-विधान के साथ भगवान शिव की पूजा-अर्चना की। उन्होंने बाबा बैद्यनाथ से देश और प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं जनकल्याण की कामना की। पूजा के दौरान मंदिर परिसर में श्रद्धा और भक्ति का माहौल देखने को मिला।

पूजा-अर्चना के बाद मीडिया से संक्षिप्त बातचीत में कंगना रनौत ने कहा कि वह इससे पहले देश के कई अन्य ज्योतिर्लिंगों के दर्शन कर चुकी हैं, लेकिन बाबा बैद्यनाथ धाम आने का अवसर उन्हें पहली बार मिला है। उन्होंने कहा कि यहां आकर उन्हें विशेष आध्यात्मिक शांति की अनुभूति हुई है और यह अनुभव उनके लिए अत्यंत सौभाग्यपूर्ण है।

कंगना रनौत ने देवघर की धार्मिक और आध्यात्मिक महत्ता की सराहना करते हुए कहा कि बाबा बैद्यनाथ धाम न केवल झारखंड बल्कि पूरे देश के श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है। उन्होंने मंदिर की व्यवस्थाओं और वातावरण की भी प्रशंसा की।

इधर, सांसद कंगना रनौत के देवघर आगमन को लेकर श्रद्धालुओं और भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। कई लोग उनकी एक झलक पाने के लिए मंदिर परिसर और आसपास मौजूद रहे।

Exit mobile version