Site icon Jharkhand LIVE

खूंटी में घर के अंदर फंदे से लटके मिले देवर-भाभी के शव, प्रेम प्रसंग की आशंका; जांच में जुटी पुलिस

झारखंड के खूंटी जिले के मारंगहादा थाना क्षेत्र स्थित तिलमा गांव में देवर और भाभी के शव घर के अंदर फंदे से लटके मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए खूंटी सदर अस्पताल भेज दिया।

मृतकों की पहचान 28 वर्षीय सागर पाहन और 32 वर्षीय रंदाय टूटी के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों के अनुसार, दोनों के बीच लंबे समय से कथित प्रेम संबंध होने की चर्चा थी।

बताया जा रहा है कि रंदाय टूटी का पति नोगा पाहन 19 जून को रोजगार की तलाश में दूसरे राज्य चला गया था। उसके जाने के बाद सागर पाहन का महिला के घर आना-जाना बढ़ गया था। घटना के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।

हालांकि, पुलिस ने मामले में किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले सभी पहलुओं से जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।

पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और घटना से जुड़े सभी संभावित पहलुओं की जांच की जा रही है।

Exit mobile version