Site icon Jharkhand LIVE

कर्रा में तेज रफ्तार ट्रक ने लोगों को रौंदा, एक ही परिवार के सात की मौत, कई घायल

झारखंड के खूंटी जिले में गुरुवार की रात एक भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के सात लोगों की मौत हो गयी। घटना कर्रा थाना क्षेत्र के कर्रा-तोरपा मुख्य सड़क की है। तोरपा की ओर से आ रहा तेज रफ्तार अनियंत्रित 18 चक्का ट्रक सड़क पर मौजूद लोगों को रौंदते हुए पुलिया तोड़कर गड्ढे में जा गिरा। इस हादसे में कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गये हैं।

जानकारी के अनुसार, हादसा गुरुवार रात करीब 9:30 बजे जाने-लौटुर मोड़ के समीप हुआ। ट्रक (जेएच 02 एजे 1377) तेज रफ्तार में था। इसी दौरान सड़क पर मौजूद लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। बताया जाता है कि दुर्घटना की आवाज सुनकर आसपास की कॉलोनी के लोग घटनास्थल की ओर निकले थे। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक ने कई लोगों को कुचल दिया।

11 महीने के बच्चे की भी मौत

इस दर्दनाक हादसे में 11 महीने के मासूम सोमेश नायक (पिता अजीत नायक) की भी मौत हो गयी। मृतकों में जयंती देवी, मानुह देवी, गोलू, तुती कुमारी, अंजलि कुमारी (19 वर्ष), उनके पति अर्जित नायक और पार्वती देवी (65 वर्ष) शामिल हैं। हादसे के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है।

चालक और खलासी फरार, घायलों को अस्पताल पहुंचाया

हादसे की सूचना मिलते ही कर्रा थाना प्रभारी राजू कुमार सदल-बल घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), कर्रा पहुंचाया। वहीं, अन्य घायलों को थाना के वाहन से सदर अस्पताल खूंटी भेजा गया। गंभीर रूप से घायल खुशबू कुमारी का इलाज सदर अस्पताल खूंटी में चल रहा है। दो बच्चों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें भी बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल खूंटी रेफर किया गया है।

इधर, हादसे के बाद ट्रक चालक और खलासी मौके से फरार हो गये। अस्पताल में चिकित्सकों की टीम घायलों का इलाज कर रही है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Exit mobile version