Site icon Jharkhand LIVE

खूंटी में पुलिस-PLFI मुठभेड़, एरिया कमांडर श्रवण दास घायल हालत में गिरफ्तार

झारखंड के खूंटी जिले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन पीएलएफआई (PLFI) के सक्रिय एरिया कमांडर श्रवण दास को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। घटना जरियागढ़-कर्रा सीमा क्षेत्र स्थित तिलमी जंगल की है, जहां पुलिस को उग्रवादियों के जमावड़े और किसी बड़ी साजिश की सूचना मिली थी।

जानकारी के अनुसार, पुलिस द्वारा चलाए गए संयुक्त अभियान के दौरान श्रवण दास को हिरासत में लेकर उसकी निशानदेही पर छिपाए गए हथियारों की बरामदगी कराई जा रही थी। इसी दौरान उसने अचानक एक पुलिस सब-इंस्पेक्टर की पिस्तौल छीन ली और फायरिंग करते हुए भागने की कोशिश की। जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में कार्रवाई की, जिसमें श्रवण दास के पैर में गोली लग गई।

घायल उग्रवादी को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रांची स्थित रिम्स अस्पताल भेजा गया है। वहीं, अभियान के दौरान पुलिस ने श्रवण दास के दस्ते से जुड़े छह अन्य उग्रवादियों को भी गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने मौके से चार पिस्तौल, कई देसी कट्टे और 29 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। इसके अलावा एक महत्वपूर्ण डायरी भी मिली है, जिसमें लेवी वसूली से जुड़े विवरण, स्थानीय ठेकेदारों के मोबाइल नंबर और संगठन की आगामी गतिविधियों से संबंधित जानकारियां दर्ज हैं।

खूंटी के एसपी ऋषभ गर्ग ने बताया कि श्रवण दास तोरपा और कर्रा क्षेत्र में पीएलएफआई का सक्रिय कमांडर था। उसके खिलाफ लेवी वसूली, फायरिंग, आगजनी और अन्य गंभीर आपराधिक मामलों सहित कई केस दर्ज हैं।

पुलिस का कहना है कि संगठन के नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त करने के लिए इलाके में व्यापक सर्च ऑपरेशन जारी है और अन्य उग्रवादियों की तलाश की जा रही है।

Exit mobile version