झारखंड के कोडरमा जिले के सतगावां थाना क्षेत्र में शादी के तुरंत बाद दहेज उत्पीड़न का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि 22 मई को घोड़सीमर मंदिर में शादी होने के महज दो घंटे बाद ही ससुराल पक्ष ने नवविवाहिता से ₹10 लाख नकद और एक बाइक की मांग शुरू कर दी। मांग पूरी नहीं होने पर दूल्हा अगले ही दिन फरार हो गया और बाद में पत्नी को अपनाने से भी इनकार कर दिया।
पीड़िता काजल कुमारी ने सतगावां थाना में पति रौशन कुमार समेत उसके छह परिजनों के खिलाफ यौन शोषण, धोखाधड़ी और दहेज उत्पीड़न का मामला दर्ज कराया है। शिकायत में कहा गया है कि शादी के बाद आरोपी की मां निर्मला देवी, मौसी नीतू देवी, मामा पिंटू सिंह और अन्य रिश्तेदार लड़की के घर पहुंचे और दहेज की मांग करने लगे।
पीड़िता के अनुसार, जब परिजनों ने दहेज देने में असमर्थता जताई तो अगले ही दिन रौशन कुमार शौच जाने का बहाना बनाकर घर से निकल गया और वापस नहीं लौटा। बाद में आरोपी ने थाने पहुंचकर काजल को पत्नी के रूप में स्वीकार करने से भी इनकार कर दिया।
मामले को लेकर सतगावां थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस दोनों पक्षों की उम्र, शादी से जुड़े दस्तावेज और लगाए गए आरोपों की कानूनी पड़ताल कर रही है। घटना के सामने आने के बाद इलाके में इसकी काफी चर्चा हो रही है।

