राजधानी रांची के लालपुर थाना क्षेत्र में पुलिस का एक संवेदनशील और मानवीय चेहरा देखने को मिला है। लोअर बाजार वर्तमान कंपाउंड स्थित धोबी घाट इलाके में एक मानसिक रूप से अस्वस्थ महिला के भटकने की सूचना मिलने पर लालपुर थाना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसे सुरक्षित संरक्षण और उपचार उपलब्ध कराया।
जानकारी के अनुसार, सूचना मिलते ही लालपुर थाना प्रभारी रुपेश सिंह ने महिला पुलिस पदाधिकारी को मौके पर भेजा। पुलिस टीम ने करीब 35 वर्षीय महिला को सुरक्षित थाना लाकर उसकी देखभाल की व्यवस्था की। महिला को भोजन और नाश्ता उपलब्ध कराया गया तथा उसकी स्वास्थ्य स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के लिए सदर अस्पताल भेजा गया।
इसके बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए सीजीएम कोर्ट से आदेश प्राप्त किया गया और महिला को बेहतर इलाज एवं देखरेख के लिए कांके स्थित रिनपास में भर्ती कराया गया, जहां विशेषज्ञ मनोचिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार किया जा रहा है।
थाना प्रभारी रुपेश सिंह ने बताया कि महिला मानसिक रूप से अस्वस्थ प्रतीत हो रही है और फिलहाल अपना नाम एवं पता बताने में सक्षम नहीं है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि यदि किसी को महिला की पहचान या उसके परिजनों के बारे में कोई जानकारी हो तो वे लालपुर थाना या रिनपास प्रशासन से संपर्क करें।
स्थानीय लोगों ने लालपुर थाना पुलिस की इस मानवीय पहल की सराहना की है। लोगों का कहना है कि पुलिस की संवेदनशीलता और त्वरित कार्रवाई के कारण एक बेसहारा महिला को समय पर उपचार और सुरक्षित आश्रय मिल सका।

