Site icon Jharkhand LIVE

लातेहार में PLFI उग्रवादी गिरफ्तार, हथियार और कारतूस बरामद; अंधेरे का फायदा उठाकर कमांडर फरार

झारखंड के लातेहार जिले में पुलिस ने उग्रवादी संगठन पीपुल्स लिबरेशन फ्रंट ऑफ इंडिया (PLFI) के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक उग्रवादी को हथियार और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान बालूमाथ थाना क्षेत्र के हाथडीह निवासी 28 वर्षीय लालदेश्वर यादव के रूप में हुई है। वहीं, उसका साथी और PLFI कमांडर बादल यादव उर्फ पवन जी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया।

स्कूल के पास वारदात की थी योजना

पुलिस के अनुसार, लातेहार एसपी कुमार गौरव को सूचना मिली थी कि PLFI के उग्रवादी लेवी नहीं मिलने के कारण एक निर्माणाधीन स्कूल के आसपास हिंसक वारदात और फायरिंग की योजना बना रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की।

बारियातू थाना प्रभारी प्रभात कुमार दास के नेतृत्व में पुलिस टीम ने इलाके में छापेमारी अभियान चलाया। पुलिस को देखते ही बाइक सवार दो संदिग्ध उग्रवादी भागने लगे।

पीछा करने के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हुई बाइक

पुलिस टीम ने दोनों का पीछा किया। इसी दौरान ज्वरा पुल के पास उनकी बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे के बाद बाइक चला रहा PLFI कमांडर बादल यादव उर्फ पवन जी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया।

वहीं, बाइक पर पीछे बैठा लालदेश्वर यादव पुलिस के हाथ लग गया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक देशी पिस्टल और जिंदा कारतूस बरामद किए गए।

फरार कमांडर की तलाश में छापेमारी जारी

लालदेश्वर यादव को गिरफ्तार करने के बाद पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि PLFI के अन्य सदस्य कहां सक्रिय हैं और निर्माणाधीन स्कूल के पास वारदात की क्या योजना थी।

इधर, फरार PLFI कमांडर बादल यादव उर्फ पवन जी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने इलाके में सघन छापेमारी अभियान शुरू कर दिया है। पुलिस उसके संभावित ठिकानों की तलाश कर रही है।

Exit mobile version