Site icon Jharkhand LIVE

लोहरदगा में राहुल सिंह गिरोह की दस्तक! सीमेंट कारोबारी से मांगी लेवी, दुकान पर की फायरिंग

लोहरदगा में एक बार फिर आपराधिक गिरोह की सक्रियता से दहशत का माहौल है। शहरी क्षेत्र के हरमू रोड में एक सीमेंट व्यवसायी से कथित तौर पर लेवी की मांग की गई और धमकी के बाद उसकी दुकान पर फायरिंग की घटना सामने आई है। घटना के बाद सदर थाना पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

बताया जा रहा है कि सीमेंट व्यवसायी राजेंद्र वर्मा को दो दिन पहले व्हाट्सऐप के माध्यम से लेवी को लेकर धमकी दी गई थी। मैसेज में लेवी नहीं देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी गई थी। यह धमकी कथित तौर पर राहुल सिंह गिरोह के नाम से दी गई थी। राजेंद्र वर्मा ने इसकी शिकायत सदर थाना पुलिस से की थी, जिसके बाद प्राथमिकी दर्ज की गई थी।

इसी बीच शुक्रवार की रात अज्ञात अपराधियों ने हरमू रोड स्थित राजेंद्र वर्मा की सीमेंट दुकान को निशाना बनाया। अपराधियों ने दुकान के शटर पर फायरिंग की और कथित तौर पर दोबारा धमकी दी। गोली चलने की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने रात में ही इलाके में गश्त बढ़ा दी।

हालांकि, पुलिस द्वारा रात में राजेंद्र वर्मा से संपर्क करने की कोशिश के दौरान उन्हें और उनके परिवार को दुकान पर फायरिंग की जानकारी नहीं थी। शनिवार सुबह जब राजेंद्र वर्मा दुकान खोलने पहुंचे, तब उन्हें शटर पर गोली चलाए जाने का पता चला। इसके बाद उन्होंने पुलिस को घटना की जानकारी दी।

मामले को लेकर लोहरदगा एसपी सादिक अनवर रिजवी ने बताया कि पुलिस को इस प्रकार की सूचना मिली है और मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि जांच के बाद जल्द ही पूरी स्थिति स्पष्ट की जाएगी।

शहरी क्षेत्र में व्यवसायी की दुकान पर फायरिंग और कथित लेवी की धमकी की घटना के बाद स्थानीय लोगों में भी चिंता का माहौल है। पुलिस अब धमकी देने वालों और फायरिंग करने वाले अपराधियों की पहचान में जुटी है।

Exit mobile version