Site icon Jharkhand LIVE

लोहरदगा में बड़ा रेल हादसा टला: क्षतिग्रस्त पुल से गुजरीं राजधानी और सासाराम एक्सप्रेस, बाद में रोका गया परिचालन

लोहरदगा: रविवार को झारखंड के लोहरदगा जिले में एक बड़ा रेल हादसा टल गया। लोहरदगा-रांची-टोरी रेलखंड पर कोयल नदी पर बने रेलवे पुल संख्या 115 से राजधानी एक्सप्रेस, सासाराम एक्सप्रेस और लोहरदगा–रांची मेमू पैसेंजर जैसी महत्वपूर्ण ट्रेनें गुजर गईं, जबकि पुल के दो पिलर क्षतिग्रस्त अवस्था में थे। गनीमत रही कि इस दौरान कोई दुर्घटना नहीं हुई, वरना हजारों रेल यात्रियों की जान खतरे में पड़ सकती थी।

यह मामला तब सामने आया जब रेलवे के इंजीनियरिंग स्टाफ ने पुल के पिलर संख्या चार और पांच में गंभीर दरार देखी। स्थिति को गंभीर मानते हुए सुबह करीब 10:10 बजे तत्काल इस पुल से सभी ट्रेनों का परिचालन रोक दिया गया। अचानक ट्रेनें रोके जाने से यात्रियों में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया।

पहले से चल रही थी मरम्मत, फिर भी नहीं रोका गया ट्रेन संचालन

सबसे चिंताजनक बात यह है कि रेलवे पुल संख्या 115 के पिलर संख्या पांच में पहले से ही दरार थी और उसकी मरम्मत का काम चल रहा था। इसके बावजूद रेलवे ने इस रूट पर ट्रेनों का परिचालन जारी रखा। जब पिलर संख्या चार में भी दरार आ गई, तब जाकर रेलवे हरकत में आया।

रेलवे की इस लापरवाही का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि रविवार को नई दिल्ली–रांची राजधानी एक्सप्रेस, सासाराम एक्सप्रेस और मेमू पैसेंजर उसी क्षतिग्रस्त पुल से गुजर चुकी थीं। नई दिल्ली से चलकर राजधानी एक्सप्रेस सुबह 8:18 बजे लोहरदगा स्टेशन पहुंची और महज चार मिनट बाद 8:22 बजे रांची के लिए इसी पुल से होकर रवाना हो गई। सासाराम एक्सप्रेस भी सुबह 9:21 बजे इसी पुल से गुजरी।

इसके बाद जब इंजीनियरिंग टीम ने पुल का निरीक्षण किया तो स्थिति बेहद गंभीर पाई गई। इसी दौरान रांची से लोहरदगा जा रही आरएल-3 ट्रेन को पुल से पहले ही रोक दिया गया। ट्रेन को अचानक रोके जाने से यात्री घबरा गए और कई यात्रियों को पैदल रेलवे ट्रैक पार कर अपने गंतव्य की ओर जाना पड़ा।

रेलवे ने लिया बड़ा फैसला, कई ट्रेनें रद्द और डायवर्ट

घटना के बाद रेलवे ने तुरंत कई अहम फैसले लिए। रेलवे प्रशासन ने साफ किया कि आगामी 7 जनवरी तक लोहरदगा स्टेशन से किसी भी ट्रेन का परिचालन नहीं होगा। लोहरदगा-रांची-टोरी रेलखंड पर यातायात पूरी तरह प्रतिबंधित कर दिया गया है।

रेलवे द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार:

रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले ट्रेनों की स्थिति की जानकारी अवश्य लें। पुल की मरम्मत और संरचनात्मक सुरक्षा जांच पूरी होने के बाद ही परिचालन बहाल किया जाएगा।

Exit mobile version