Site icon Jharkhand LIVE

लोहरदगा में दर्दनाक सड़क हादसा: बॉक्साइट ट्रक ने स्कूटी सवार तीन सगे भाई-बहनों को कुचला, तीनों की मौत

झारखंड के लोहरदगा-गुमला मुख्य मार्ग पर मिशन चौक के समीप शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में स्कूटी सवार तीन सगे भाई-बहनों की मौत हो गई। तेज रफ्तार बॉक्साइट लदे ट्रक की चपेट में आने से दो बहनों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल भाई ने रांची ले जाने के दौरान दम तोड़ दिया।

मृतकों की पहचान बरवाटोली निवासी मुकेश साहू के पुत्र रोहित कुमार साहू (28), पुत्री सपना कुमारी (24) और सृष्टि कुमारी (14) के रूप में हुई है। बताया गया कि तीनों भाई-बहन कृषि मार्केट के समीप स्थित तेली धर्मशाला में एक पड़ोसी के विवाह समारोह में शामिल होने जा रहे थे।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सेन्हा की ओर से आ रहे एक तेज रफ्तार बॉक्साइट लदे ट्रक ने मिशन चौक के पास उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक स्कूटी और तीनों को काफी दूर तक घसीटता हुआ ले गया। हादसे में सपना और सृष्टि की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि रोहित को गंभीर हालत में बेहतर इलाज के लिए रिम्स रांची रेफर किया गया था, लेकिन रास्ते में ही उसने भी दम तोड़ दिया।

घटना के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस फरार चालक की तलाश में जुटी है और मामले की जांच कर रही है।

इधर, हादसे से आक्रोशित स्थानीय लोगों ने मुआवजे और दोषी चालक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर सड़क जाम कर दिया। देर रात करीब दो बजे तक प्रदर्शन जारी रहा, जिससे लोहरदगा-गुमला मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा।

इस हादसे के बाद मृतकों के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। शादी समारोह में जाने निकले भाई-बहनों की एक साथ मौत से पूरे इलाके में शोक की लहर है

Exit mobile version