जमशेदपुर के मानगो अंचल कार्यालय में मंगलवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के नए फॉर्म वितरण और जमा करने की अफवाह फैल गई। सूचना मिलते ही आजादनगर और जवाहरनगर समेत आसपास के क्षेत्रों से हजारों महिलाएं अंचल कार्यालय पहुंच गईं।
महिलाओं का कहना था कि योजना से संबंधित नए फॉर्म जमा किए जा रहे हैं, इसलिए वे भी आवेदन या दस्तावेज जमा करने पहुंची थीं। देखते ही देखते कार्यालय परिसर में भारी भीड़ जमा हो गई।
फॉर्म जमा करने की जिद, फिर शुरू हुआ हंगामा
स्थिति तब बिगड़ गई जब महिलाओं ने फॉर्म जमा करने की मांग को लेकर हंगामा शुरू कर दिया। भीड़ बढ़ने के कारण कार्यालय परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। इस दौरान कुछ महिलाओं द्वारा पथराव किए जाने की भी बात सामने आई, हालांकि किसी बड़े नुकसान की सूचना नहीं है।
भीड़ को नियंत्रित करने में प्रशासन को काफी मशक्कत करनी पड़ी।
अंचलाधिकारी ने माइक से दी सफाई
मानगो के अंचलाधिकारी ब्रजेश कुमार श्रीवास्तव ने मौके पर पहुंचकर गाड़ी के लाउडस्पीकर से कई बार घोषणा कर स्थिति स्पष्ट की। उन्होंने कहा कि फिलहाल कार्यालय में कोई नया फॉर्म न तो बांटा जा रहा है और न ही जमा लिया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि वर्तमान में केवल लाभुकों का भौतिक सत्यापन किया जा रहा है। जिन महिलाओं के दस्तावेजों की जांच होनी है, उन्हें कार्यालय की ओर से फोन कर बुलाया जाएगा।
“बिना सूचना कार्यालय आने की जरूरत नहीं”
प्रशासन की ओर से महिलाओं से अपील की गई कि वे किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि योग्य लाभुकों की पेंशन या योजना की राशि बंद नहीं की जाएगी।
साथ ही कहा गया कि जिन महिलाओं को कॉल नहीं आया है, उन्हें फिलहाल किसी प्रकार के दस्तावेज लेकर अंचल कार्यालय आने की जरूरत नहीं है।
प्रशासन ने लोगों से की अपील
अधिकारियों ने लोगों से केवल आधिकारिक सूचना पर भरोसा करने और किसी भी अफवाह से बचने की अपील की है। प्रशासन का कहना है कि योजना से जुड़ी सभी प्रक्रियाएं तय नियमों के तहत ही पूरी की जाएंगी।

