झारखंड में मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना की लाभुक महिलाओं के लिए राहत भरी खबर है। दुर्गा पूजा को देखते हुए राज्य सरकार ने सितंबर माह की सम्मान राशि जल्द लाभुकों के बैंक खातों में हस्तांतरित करने का निर्देश दिया था। इसके बाद राज्य के अधिकांश जिलों में महिलाओं के खाते में राशि भेज दी गई है। वहीं, कुछ जिलों में भुगतान की प्रक्रिया अभी जारी है। दिवाली से पहले अक्टूबर माह की राशि भी लाभुकों के खाते में भेजे जाने की संभावना है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, चतरा जिले में नौ अक्टूबर को ही लाभुकों के खाते में राशि का भुगतान कर दिया गया। जामताड़ा की 1,52,208 महिलाओं, गिरिडीह की 4,56,048 महिलाओं और लातेहार की 1,29,281 महिलाओं के बैंक खातों में भी सम्मान राशि हस्तांतरित की गई है। धनबाद जिले में 3,46,365 लाभुकों के बीच कुल 86.59 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया है।
इसके अलावा पाकुड़, कोडरमा, पलामू और रामगढ़ में भी लाभुकों के बैंक खातों में राशि भेजी जा चुकी है। इस भुगतान से त्योहार के समय महिलाओं को आर्थिक सहायता मिलने की उम्मीद है।
लोहरदगा और गोड्डा में कब आएगी राशि
लोहरदगा जिले में मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना की सितंबर माह की राशि का भुगतान जल्द होने की संभावना है। सामाजिक सुरक्षा शाखा की प्रभारी निदेशक जया शंखी मुर्मू के अनुसार, 23.13 करोड़ रुपये कोषागार से स्वीकृत हो चुके हैं। इसके बाद जिले के 92,534 लाभुकों के बैंक खातों में मंगलवार तक राशि हस्तांतरित किए जाने की बात कही गई है।
वहीं, गोड्डा जिले में अभी तक योजना की राशि जारी नहीं हुई है। सामाजिक सुरक्षा के सहायक निदेशक ने बताया कि एक से दो दिनों के भीतर लाभुकों के बैंक खातों में भुगतान पहुंचने की उम्मीद है।
दिवाली से पहले अक्टूबर की किस्त भी मिलने की उम्मीद
सितंबर माह की राशि के भुगतान के बाद अब लाभुक महिलाओं की नजर अक्टूबर की किस्त पर है। संभावना जताई जा रही है कि दिवाली से पहले अक्टूबर माह की सम्मान राशि भी महिलाओं के बैंक खातों में हस्तांतरित की जा सकती है। इस संबंध में सामाजिक सुरक्षा निदेशालय की ओर से दुर्गा पूजा के बाद जिलों को दिशा-निर्देश जारी किए जाने की संभावना है। हालांकि, अक्टूबर की राशि के भुगतान की तारीख को लेकर आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।

