झारखंड के पलामू जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत पनेरीबांध गांव में सोमवार रात मच्छर भगाने वाली अगरबत्ती से भीषण आग लग गई। इस हादसे में दिलीप पाठक का खपरैल मकान जलकर पूरी तरह राख हो गया। आग रात करीब 10:30 बजे लगी, जब परिवार के लोग घर में मौजूद थे।
बताया जा रहा है कि जलती हुई अगरबत्ती से कंडी और बांस से बने घर में आग पकड़ ली, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया। आग की चपेट में आकर घर में रखा करीब 50 हजार रुपये नकद, सगाई का सामान, जेवर और अन्य घरेलू वस्तुएं जलकर नष्ट हो गईं। कुल मिलाकर लगभग 8 लाख रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है।
घटना के बाद ग्रामीणों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में परिवार के सभी सदस्य सुरक्षित हैं।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि मच्छर अगरबत्ती या अन्य ज्वलनशील वस्तुओं का उपयोग करते समय विशेष सावधानी बरतें, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।

