महेंद्र सिंह धोनी का क्रिकेट के प्रति जुनून उम्र के साथ और बढ़ता जा रहा है। 44 साल की उम्र में भी उनकी फिटनेस और विकेटों के बीच दौड़ने की तेजी कम नहीं हुई है। आईपीएल 2025 में बल्ले से उन्होंने एक बार फिर दिखाया कि अनुभव के साथ-साथ उनका जुनून अब भी बरकरार है। चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के सीईओ काशी विश्वनाथन ने संकेत दिए हैं कि धोनी आईपीएल 2026 में भी खेलते नजर आ सकते हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें पूरा विश्वास है कि धोनी अगले सीजन में भी टीम के लिए उपलब्ध रहेंगे और मैदान पर उतरेंगे।
CSK के साथ 17वां और IPL करियर का 19वां सीजन हो सकता है
धोनी आईपीएल की शुरुआत से ही चेन्नई सुपर किंग्स का चेहरा रहे हैं। सीएसके के दो साल के बैन के दौरान उन्होंने राइजिंग पुणे सुपरजायंट्स के लिए खेला था। अगर वे IPL 2026 में उतरते हैं, तो यह CSK के साथ उनका 17वां और कुल मिलाकर 19वां सीजन होगा।
मेगा ऑक्शन 2025 से पहले सीएसके ने धोनी को अनकैप्ड खिलाड़ी के रूप में 4 करोड़ रुपये में रिटेन किया था। यह नियम उन भारतीय खिलाड़ियों पर लागू होता है जिन्होंने पिछले पांच सालों में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट नहीं खेला है।
पांच खिताब जीत चुके हैं कप्तान धोनी
धोनी की कप्तानी में CSK ने अब तक 5 बार IPL खिताब जीते हैं। आईपीएल 2025 में जब कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ चोटिल होकर बाहर हुए, तब धोनी ने एक बार फिर कमान संभाली। हालांकि टीम उस सीजन में निचले स्थान पर रही।
2023 में खिताब जीतने के बाद धोनी ने घुटने की सर्जरी कराई थी, पर उन्होंने 2024 और 2025 में खेलना जारी रखा। निचले क्रम में बल्लेबाजी करने के बावजूद उनकी मौजूदगी और नेतृत्व का अनुभव टीम के लिए सबसे बड़ी ताकत बनी रही।

