महेंद्र सिंह धोनी एक बार फिर झारखंड के सबसे बड़े व्यक्तिगत टैक्सपेयर बनकर सामने आए हैं। वित्तीय वर्ष 2025-26 में धोनी ने करीब 40 करोड़ रुपये इनकम टैक्स जमा किया है। आयकर विभाग के आंकड़ों के अनुसार, वह लगातार कई वर्षों से राज्य के शीर्ष करदाताओं में शामिल हैं।
जानकारी के मुताबिक, बिहार-झारखंड आयकर विभाग ने इस साल कुल 20 हजार करोड़ रुपये टैक्स संग्रह किया है। इसमें अकेले झारखंड से करीब 12 हजार करोड़ रुपये का योगदान मिला है। इस उपलब्धि में धोनी का बड़ा योगदान माना जा रहा है।
क्रिकेट के अंतरराष्ट्रीय प्रारूप से संन्यास लेने के बावजूद धोनी की कमाई लगातार मजबूत बनी हुई है। उनकी आय का मुख्य स्रोत विज्ञापन, बिजनेस निवेश, ब्रांड एंडोर्समेंट और इंडियन प्रीमियर लीग से जुड़ी गतिविधियां हैं। धोनी कई बड़ी कंपनियों के ब्रांड एंबेसडर भी हैं और विभिन्न क्षेत्रों में उनका निवेश जारी है।
रांची के रहने वाले धोनी न सिर्फ खेल जगत बल्कि बिजनेस और टैक्स योगदान के मामले में भी लगातार मिसाल पेश कर रहे हैं। आयकर विभाग के अधिकारियों का कहना है कि राज्य में टैक्स जागरूकता बढ़ाने के लिए नए आयकर अधिनियम-2025 को लेकर अभियान भी चलाया जाएगा।
धोनी की इस उपलब्धि के बाद उनके प्रशंसकों में खुशी का माहौल है। सोशल मीडिया पर लोग उन्हें झारखंड का गौरव बताते हुए बधाई दे रहे हैं।

