ऊर्जा क्षेत्र की प्रमुख सार्वजनिक उपक्रम कंपनी NTPC के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक (CMD) Gurdeep Singh को Damodar Valley Corporation (डीवीसी) के चेयरमैन का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। वह 1 जून 2026 से 31 जुलाई 2026 तक अथवा अगले आदेश तक इस पद की जिम्मेदारी संभालेंगे।
डीवीसी के मौजूदा चेयरमैन S. Suresh Kumar 31 मई 2026 को सेवानिवृत्त हो रहे हैं। उनकी सेवानिवृत्ति के बाद नेतृत्व में किसी प्रकार का प्रशासनिक अंतराल न हो, इसके लिए केंद्र सरकार ने गुरदीप सिंह को अंतरिम रूप से यह अतिरिक्त जिम्मेदारी सौंपी है।
गुरदीप सिंह इससे पहले भी डीवीसी के चेयरमैन का अतिरिक्त प्रभार संभाल चुके हैं। ऐसे में निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों को उम्मीद है कि उनके अनुभव का लाभ मिलेगा और संगठन के लंबित मामलों के समाधान की प्रक्रिया में तेजी आएगी।
गुरदीप सिंह वर्ष 2016 से एनटीपीसी का नेतृत्व कर रहे हैं और देश के ऊर्जा क्षेत्र के प्रमुख प्रशासकों में उनकी गिनती होती है। हाल ही में केंद्र सरकार ने एनटीपीसी के CMD के रूप में उनके कार्यकाल को 31 जुलाई 2026 तक बढ़ाया था। संयोग से डीवीसी में उनके अतिरिक्त प्रभार की अवधि भी फिलहाल इसी तिथि तक निर्धारित की गई है।
ऊर्जा क्षेत्र में इस नियुक्ति को महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि डीवीसी पूर्वी भारत में बिजली उत्पादन, संचरण और जल संसाधन प्रबंधन की प्रमुख संस्था है। ऐसे में अनुभवी नेतृत्व के जरिए निगम की विभिन्न परियोजनाओं और प्रशासनिक कार्यों को गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

