रांची। राजधानी रांची के प्रमुख धार्मिक स्थल पहाड़ी मंदिर और उसके आसपास के क्षेत्रों को अतिक्रमण मुक्त, स्वच्छ और सुव्यवस्थित बनाने की दिशा में रांची नगर निगम ने ठोस पहल शुरू कर दी है। इसी कड़ी में नगर निगम के प्रशासक सुशांत गौरव ने निगम के वरिष्ठ अधिकारियों और टीम के साथ पहाड़ी मंदिर परिसर एवं आसपास के इलाकों का स्थलीय निरीक्षण किया।

करीब 27 एकड़ क्षेत्रफल में फैले इस धार्मिक स्थल पर प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सुगम आवागमन को प्राथमिकता देते हुए नगर निगम द्वारा अव्यवस्था और अतिक्रमण पर सख्त रुख अपनाया गया है।

निरीक्षण के दौरान मंदिर के मुख्य द्वार के दोनों ओर फैले अतिक्रमण, अस्थायी दुकानों और अव्यवस्थित रूप से खड़े वाहनों को गंभीरता से लिया गया। प्रशासक ने मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र की समुचित मापी कराकर अवैध कब्जों को चिन्हित किया जाए और नियमानुसार कार्रवाई की जाए।

अवैध दुकानें, मालवाहक वाहन और जाम पर निगम सख्त, दो पार्किंग स्थलों का होगा निर्धारण

निरीक्षण में यह तथ्य सामने आया कि पहाड़ी मंदिर के मुख्य द्वार के दोनों ओर सुबह से ही ट्रक और मालवाहक वाहन खड़े रहते हैं। इससे न केवल श्रद्धालुओं के आवागमन में बाधा उत्पन्न होती है, बल्कि अक्सर जाम जैसी स्थिति भी बन जाती है।

इस पर कड़ा संज्ञान लेते हुए नगर निगम प्रशासक ने निर्देश दिया कि ऐसे वाहनों पर जुर्माना लगाया जाए, अवैध गोदामों और दुकानों की गहन जांच की जाए और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

इसके साथ ही मंदिर परिसर के बाहर आवंटित दुकानों और अस्थायी रूप से लगने वाली दुकानों की भी समीक्षा की गई। कई दुकानदारों द्वारा पूजा सामग्री को निर्धारित सीमा से बाहर सड़क तक फैलाने की शिकायतें सामने आईं। इस पर प्रशासक ने स्पष्ट निर्देश दिया कि तय सीमा का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ बिना किसी ढिलाई के कार्रवाई की जाए।

श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए दो अलग-अलग पार्किंग स्थलों के निर्धारण का भी आदेश दिया गया, ताकि मंदिर क्षेत्र पूरी तरह जाम मुक्त रहे और वाहन केवल चिन्हित स्थानों पर ही खड़े किए जाएं। नगर निगम का उद्देश्य है कि दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।

हरमू रोड और गाड़ीखाना क्षेत्र में भी निगम की सख्ती

पहाड़ी मंदिर के अलावा नगर निगम की टीम ने हरमू रोड स्थित शनि मंदिर और गाड़ीखाना चौक के आसपास के क्षेत्रों का भी निरीक्षण किया। यहां दोनों ओर स्थित भूमि की प्रकृति, मापी और वर्तमान स्थिति का आकलन किया गया और अधिकारियों को विस्तृत प्रतिवेदन तैयार करने का निर्देश दिया गया।

राज्य सरकार के निर्देशों के तहत हरमू रोड के दोनों ओर अतिक्रमण मुक्त क्षेत्र विकसित करने की योजना पर काम चल रहा है। इसके अंतर्गत सुव्यवस्थित पाथ-वे निर्माण, नगर निगम की भूमि का स्पष्ट चिन्हांकन और भविष्य में अतिक्रमण रोकने की व्यवस्था की जा रही है।

नगर निगम प्रशासक ने कहा कि यह कार्रवाई केवल अस्थायी नहीं, बल्कि दीर्घकालिक योजना के तहत की जा रही है, ताकि शहर के प्रमुख धार्मिक और सार्वजनिक स्थलों की गरिमा और व्यवस्था बनी रहे।

नागरिकों से सहयोग की अपील

निरीक्षण के दौरान नगर निगम के अपर प्रशासक संजय कुमार, उप प्रशासक रविंद्र कुमार, नगर प्रबंधक सहित अन्य पदाधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। प्रशासक ने आम नागरिकों और दुकानदारों से अपील की कि वे स्वेच्छा से नियमों का पालन करें और अतिक्रमण न करें।

उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि पहाड़ी मंदिर एवं आसपास का संपूर्ण क्षेत्र अतिक्रमण मुक्त, स्वच्छ और सुव्यवस्थित बनाने के लिए नगर निगम पूरी तरह प्रतिबद्ध है और इस दिशा में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।