Site icon Jharkhand LIVE

पाकुड़ में अवैध वसूली और ड्यूटी में लापरवाही: SP ने 6 पुलिसकर्मियों को किया निलंबित

पाकुड़ जिले में पुलिस विभाग की छवि को धूमिल करने वाले एक गंभीर मामले में पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी ने बड़ी कार्रवाई की है। रात्रि गश्ती के दौरान ट्रकों से अवैध वसूली करने और कर्तव्य में घोर लापरवाही बरतने के आरोप में नगर थाना और शीतला मंदिर टीओपी से जुड़े छह पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है। इस कार्रवाई को पुलिस विभाग में भ्रष्टाचार के खिलाफ एक सख्त और स्पष्ट संदेश के रूप में देखा जा रहा है।

एसपी ने साफ शब्दों में कहा है कि जिले में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि और ड्यूटी में लापरवाही को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

औचक निरीक्षण में उजागर हुई लापरवाही

घटना बीते बुधवार की रात की है, जब अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) डीएन आजाद नगर थाना क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा के लिए औचक निरीक्षण पर निकले थे। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पाया कि रात्रि गश्ती दल बाइपास ओवरब्रिज के पास एकत्र होकर आग ताप रहा था। इस दौरान कुछ पुलिसकर्मी वाहनों से अवैध वसूली करते भी देखे गए।

चेतावनी देने के बाद एसडीपीओ आगे बढ़ गए, लेकिन लौटने के क्रम में पुनः वही स्थिति देखने को मिली। इसके बाद वे शीतला मंदिर टीओपी पहुंचे, जहां आवाज लगाने के बावजूद पुलिसकर्मियों की नींद नहीं खुली। टीओपी प्रभारी और एक हवलदार ड्यूटी के दौरान सोते हुए पाए गए।

रिपोर्ट मिलते ही SP की त्वरित कार्रवाई

एसडीपीओ ने पूरी घटना की विस्तृत रिपोर्ट पुलिस अधीक्षक को सौंपी। रिपोर्ट के आधार पर एसपी निधि द्विवेदी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नगर थाना के एएसआइ विपिन कुमार, शीतला मंदिर टीओपी प्रभारी मुद्रिका प्रसाद, गश्ती दल में शामिल हवलदार सुखदेव मंडल, आरक्षी मो. निसार अहमद, तारणी महतो और हवलदार वीर बहादुर साह को निलंबित कर दिया।

पाकुड़ शहर में हाल के दिनों में चोरी की घटनाओं में वृद्धि हुई है। इन घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस अधीक्षक ने पहले ही सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करते हुए अधिकारियों और कर्मियों की रात्रि ड्यूटी सुनिश्चित की थी। ऐसे में गश्ती दल की लापरवाही को गंभीर अनुशासनहीनता माना गया है।

शहरवासियों के बीच यह चर्चा का विषय बना हुआ है कि यदि गश्ती दल ईमानदारी से अपने कर्तव्य का पालन करता, तो चोरी की कई घटनाओं को रोका जा सकता था।

SP का स्पष्ट संदेश

एसपी निधि द्विवेदी ने कहा कि लापरवाही बरतने वाले किसी भी पुलिसकर्मी को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि गश्ती ड्यूटी में ईमानदारी और सतर्कता अनिवार्य है और जनता की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।

Exit mobile version