पलामू जिले के मेदिनीनगर टाउन थाना क्षेत्र में शनिवार को दिनदहाड़े एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के बड़े ठेकेदार और शराब कारोबारी संजय तिवारी उर्फ गुड्डू तिवारी को उनके ही भतीजे ने गोली मार दी। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, यह घटना जीएलए कॉलेज के समीप स्थित मां अष्टभुजी दुर्गा मंदिर के बाहर हुई। संजय तिवारी हर शनिवार की तरह मंदिर में पूजा-अर्चना करने पहुंचे थे। बताया जाता है कि पूजा कर मंदिर से बाहर निकलते ही पहले से घात लगाए बैठे उनके भतीजे प्रीतम तिवारी ने उन पर गोली चला दी और मौके से फरार हो गया।
गोली संजय तिवारी के सीने के नीचे पेट में लगी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से उन्हें तत्काल मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (एमएमसीएच) में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।
परिजनों ने बताया कि संजय तिवारी और उनके रिश्ते के भाई जनार्दन तिवारी के परिवार के बीच जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है। मामला न्यायालय में भी विचाराधीन है। प्रारंभिक तौर पर इसी विवाद को घटना की वजह माना जा रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पलामू के पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
दिनदहाड़े हुई इस फायरिंग की घटना से इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

