Site icon Jharkhand LIVE

पलामू में एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत, अंधविश्वास और मिलावटी सरसों तेल से जुड़ी बीमारी की आशंका

झारखंड के पलामू जिले के पड़वा प्रखंड स्थित सिक्का गांव में एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। स्वास्थ्य विभाग और स्थानीय चिकित्सकों की शुरुआती जांच में आशंका जताई गई है कि दूषित या मिलावटी सरसों तेल के सेवन से होने वाली बीमारी एपिडेमिक ड्रॉप्सी इस त्रासदी की वजह हो सकती है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि फॉरेंसिक जांच रिपोर्ट आने के बाद ही होगी।

मृतकों में कुलदीप महतो, उनकी बेटी बबीता कुमारी, दूसरी बेटी इंदू कुमारी, पुत्रवधू श्वेता देवी और बेटे नकुल महतो शामिल हैं। परिवार की आखिरी सदस्य लाखो देवी का इलाज रांची के रिम्स में चल रहा है। बताया गया कि बीमारी की शुरुआत पैरों में सूजन से हुई, जिसके बाद पूरे शरीर में सूजन और गंभीर एनीमिया जैसी स्थिति बन गई।

जांच में यह भी सामने आया है कि परिवार आधुनिक इलाज की बजाय ओझा-गुणी के झाड़-फूंक के भरोसे रहा। कथित तौर पर ओझा द्वारा दी गई भभूत (राख) को सरसों के तेल में मिलाकर लंबे समय तक सेवन किया जाता रहा। स्वास्थ्य विभाग ने राख और तेल के नमूने जांच के लिए जब्त कर लिए हैं। प्रशासन के अनुसार परिवार को कई बार अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन वे इलाज बीच में छोड़कर फिर झाड़-फूंक कराने चले जाते थे।

घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग ने गांव में विशेष मेडिकल कैंप लगाया है, जहां ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच और रक्त के नमूने लिए जा रहे हैं। वहीं, विसरा सैंपल को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि किसी भी बीमारी की स्थिति में अंधविश्वास से बचें और तुरंत डॉक्टर से इलाज कराएं।

Exit mobile version