लॉकडाउन में दिल्ली से झारखंड लौटे BJP के दो MP, इरफान ने कहा- झारखंड में यही लोग कोरोना फैला रहे हैं !

प्रधानमंत्री मोदी एक तरफ लोगों से अपील कर रहे हैं की जो जहां है वहीं रुका रहे, तो दूसरी उनके ही पार्टी के सांसद उनकी इस अपील की धज्जियां उड़ा रहे है। रांची से बीजेपी सांसद संजय संठ और धनबाद से बीजेपी सांसद पीएन सिंह लॉकडाउन के बीच ही दिल्ली से झारखंड आ गए है। दोनों सांसदों ने झारखंड आने के बाद किसी प्रकार का जांच तक नहीं करवाया है।
दोनों सांसद सड़क मार्ग से झारखंड पहुंचे है। सांसद संजय सेठ सोमवार रात करीब 11:30 बजे दिल्ली से रांची पहुंचे तो सांसद पीएन सिंह रविवार को ही धनबाद पहुंचे थे। दोनों ने बताया कि वह दिल्ली डिप्टी पुलिस कमिश्नर से पास बनवाकर दिल्ली से झारखंड लौटे है। इससे पहले वह दिल्ली स्थित सरकारी आवास में क्वारंटाइन में थे।
बीजेपी सांसदो को मिले इस VVIP ट्रीटमेंट पर सूबे की सियासत गर्मा गई है। कांग्रेस विधायक इरफान अंसारी ने तो यहां तक कह दिया की दोनों सांसद ही झारखंड में कोरोना फैला रहे हैं और आरोप हमारे समाज पर लगा रहे है’.
इरफान अंसारी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी लॉक डाउन का पालन करने की अपील कर रहे है, लेकिन उनके ही सांसद उनकी बात नहीं मान रहे है। जब ये दोनों सांसद दिल्ली से रांची आ सकते हैं तो हमारे गरीब मजदूर क्यों नहीं आ सकते है। क्या बीजेपी इन दोनों सांसदों के खिलाफ कोई कार्रवाई करेगी।
इसके साथ ही इरफान अंसारी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मांग की है कि दोनों सांसदों को 14 दिनों के लिए रिम्स के क्वारंटाइन सेंटर परिवार सहित भेज दिया जाए।
झामुमो ने भी सांसदों के झारखंड वापस आने पर सवाल उठाए है। पार्टी के केन्द्रीय महासचिव सह प्रवक्ता सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा कि सांसदों ने झारखंड आने की बात राज्य सरकार से छुपाई है और ना ही यहां आकर किसी प्रकार का जांच करवाया है। ऐसे में दोनों सांसदों की पहले जांच करवाया जाए और फिर क्वारंटाइन सेंटर भेज दिया जाए।
वहीं रांची सांसद संजय सेठ दिल्ली से लौटने के बाद डीसी राय महिपात रे से मिले थे और उन्हें 10 थर्मल स्कैनर दिया था। अब रांची डीसी पर भी सवाल उठ रहे है और उन्हें भी क्वॉरेंटाइन में भेजा जाने की मांग की जा रही है। बहरहाल विवाद बढ़ते देख बीजेपी के दोनों सांसदों ने होम क्वॉरेंटाइन में रहने का फैसला किया है।