धनबाद मंडल के रजहरा स्टेशन पर मालगाड़ी के पटरी से उतर जाने के बाद रेलवे प्रशासन को कई ट्रेनों के परिचालन में बदलाव करना पड़ा। इस घटना का असर विशेष रूप से रांची मंडल से चलने वाली ट्रेनों पर देखने को मिला।
रेलवे द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, ट्रेन संख्या 18635 रांची-सासाराम एक्सप्रेस को गुरुवार को रद्द कर दिया गया है। वहीं ट्रेन संख्या 18636 सासाराम-रांची एक्सप्रेस 5 जून को रद्द रहेगी।
इसके अलावा ट्रेन संख्या 18613 रांची-चोपन एक्सप्रेस अपने निर्धारित गंतव्य तक नहीं पहुंच सकी और बरवाडीह स्टेशन तक ही चलकर वहीं से वापस रवाना कर दी गई।
मालगाड़ी दुर्घटना के कारण कई लंबी दूरी की ट्रेनों को परिवर्तित मार्ग से चलाया गया। ट्रेन संख्या 12873 हटिया-आनंद विहार टर्मिनल एक्सप्रेस को बरकाकाना, हजारीबाग टाउन, कोडरमा, गया, सोन नगर और गढ़वा मार्ग से संचालित किया गया।
वहीं ट्रेन संख्या 20407 रांची-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस को भी अपने निर्धारित रूट के बजाय बरकाकाना, कोडरमा, गया और पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन के रास्ते रवाना किया गया।
इसके अलावा ट्रेन संख्या 18309 संबलपुर-जम्मूतवी एक्सप्रेस को भी परिवर्तित मार्ग राजाबेड़ा, गोमो, गया, सोन नगर और पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन के रास्ते चलाया गया।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, बेपटरी हुई मालगाड़ी को हटाने और ट्रैक को दुरुस्त करने का कार्य युद्धस्तर पर जारी है। ट्रैक पूरी तरह बहाल होने के बाद ही रेल परिचालन सामान्य हो सकेगा। यात्रियों से रेलवे की आधिकारिक सूचना पर नजर बनाए रखने की अपील की गई है।

