विश्रामपुर विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक सह झारखंड के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री रामचंद्र चंद्रवंशी की पत्नी तेतरी देवी का निधन हो गया। उनके निधन की खबर से विश्रामपुर विधानसभा क्षेत्र सहित पूरे गढ़वा जिले में शोक की लहर दौड़ गई है। विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने तेतरी देवी के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है और शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना जताई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुक्रवार की सुबह तेतरी देवी की अचानक तबीयत बिगड़ गई थी। इसके बाद उन्हें रांची के धुर्वा स्थित पारस अस्पताल में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों ने उन्हें बचाने का भरसक प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली।
विधायक नरेश प्रसाद सिंह ने जताया शोक
विधायक नरेश प्रसाद सिंह ने तेतरी देवी के निधन को अत्यंत दुखद बताया। उन्होंने शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि इस कठिन घड़ी में उनकी संवेदनाएं परिवार के साथ हैं। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और परिजनों को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
तेतरी देवी के निधन से उनके परिजनों, शुभचिंतकों और क्षेत्र के लोगों में शोक व्याप्त है। उनके निधन की खबर मिलने के बाद स्थानीय राजनीतिक और सामाजिक हलकों में भी दुख का माहौल है।
17 अक्टूबर को कोयल नदी तट पर होगा अंतिम संस्कार
पारिवरिक सूत्रों के अनुसार, तेतरी देवी का अंतिम संस्कार शनिवार, 17 अक्टूबर को सुबह 9 बजे रेहला स्थित लक्ष्मी चंद्रवंशी महिला कॉलेज के सामने कोयल नदी तट पर किया जाएगा। शोकाकुल परिवार ने सभी सम्मानित जनों, शुभचिंतकों और क्षेत्रवासियों से अंतिम संस्कार में उपस्थित होकर दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित करने का अनुरोध किया है।
कई नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जताया दुख
तेतरी देवी के निधन पर मझिआंव नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सुमित्रा देवी, नगर मंडल अध्यक्ष दीपक कुमार चंद्रवंशी, सांसद प्रतिनिधि भगवान दत्त तिवारी, संजय कमलापुरी, दीपक चौहान, पवन कुमार गुप्ता, लक्ष्मण सिंह, प्रमोद यादव, बरडीहा सांसद प्रतिनिधि सतीश यादव, विनय यादव और जोगेंद्र कुमार सहित कई नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने गहरा शोक व्यक्त किया है। सभी ने दिवंगत आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिवार को इस दुख की घड़ी में संबल प्रदान करने की कामना की।

