रांची-पटना राष्ट्रीय राजमार्ग (NH) पर रामगढ़ जिले की चुटूपालू घाटी में बुधवार सुबह बड़ा सड़क हादसा हो गया। मशीनरी से लदा एक ट्रेलर ब्रेक फेल होने के बाद अनियंत्रित हो गया और बस, कार व बाइक समेत कुल 10 वाहनों को टक्कर मार दी। हादसे में कई लोग घायल हो गए, जिनमें चार की हालत गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 9:30 बजे मशीनरी से लदा ट्रेलर (NL01AD-7009) चुटूपालू घाटी से गुजर रहा था। इसी दौरान उसका ब्रेक फेल हो गया। अनियंत्रित ट्रेलर करीब दो किलोमीटर तक आगे बढ़ते हुए रास्ते में चल रहे वाहनों को टक्कर मारता चला गया।
हादसे में तीन वाहन सवार और ट्रेलर चालक गंभीर रूप से घायल हुए हैं। सभी गंभीर घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रिम्स, रांची रेफर किया गया है। वहीं, अन्य घायलों को मामूली चोटें आई हैं।
दुर्घटना के बाद रांची-पटना हाईवे पर करीब दो घंटे तक लंबा जाम लगा रहा। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) की टीम मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात सामान्य कराया।
पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों की विस्तृत पड़ताल की जा रही है।