रामगढ़ के पतरातू में एटीएम मशीनों से छेड़छाड़ कर रुपये की अवैध निकासी करने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इनके पास से विभिन्न बैंकों के 18 एटीएम कार्ड, 8,970 रुपये नकद, चार एंड्रॉयड मोबाइल, एक कीपैड मोबाइल, दो स्कूटी और एटीएम मशीन से छेड़छाड़ करने में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किये गये हैं। गुरुवार को आयोजित प्रेस वार्ता में एसडीपीओ राघवेंद्र शर्मा ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि पतरातू अनुमंडल क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों से एटीएम मशीनों से छेड़छाड़ कर रुपये निकालने और एटीएम कार्ड की क्लोनिंग जैसी गतिविधियों की शिकायतें मिल रही थीं। गिरोह के सदस्य एटीएम मशीनों से छेड़छाड़ कर लोगों के खातों से अवैध रूप से रुपये निकालने के अलावा फर्जी हेल्पलाइन नंबर के माध्यम से भी ठगी करने का प्रयास कर रहे थे।
मामले की गंभीरता को देखते हुए रामगढ़ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पतरातू अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया। तकनीकी जांच और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने बरकाकाना ओपी क्षेत्र में एसबीआई एटीएम के समीप दो स्कूटी पर घूम रहे चार संदिग्धों को पकड़ा। तलाशी के दौरान उनके पास से एटीएम कार्ड, नकदी और मशीन से छेड़छाड़ करने वाले उपकरण बरामद हुए।
नोएडा, रामगढ़ और बिहार के रहने वाले हैं आरोपी
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मनीष कुमार (28 वर्ष), मोहम्मद आसिफ (30 वर्ष), सूरज कुमार (37 वर्ष) और आयुष कुमार (25 वर्ष) के रूप में हुई है। मनीष कुमार का वर्तमान पता उत्तर प्रदेश के नोएडा स्थित छिजारसी है, जबकि उसका स्थायी पता देवरिया जिले में है। मोहम्मद आसिफ भी नोएडा के छिजारसी में रहता है। उसका स्थायी पता बिहार के मधुबनी जिले के ग्राम मलमल का है।
वहीं, सूरज कुमार वर्तमान में रामगढ़ के विकास नगर, गोशाला में रहता है। उसका स्थायी पता बिहार के पटना जिले के अजगरा का है। चौथे आरोपी आयुष कुमार का स्थायी पता बिहार के नवादा जिले के दौलतपुरा गांव का बताया गया है।
पूछताछ में कई घटनाओं का खुलासा
एसडीपीओ राघवेंद्र शर्मा के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने पिछले दिनों एटीएम मशीनों से छेड़छाड़ कर रुपये की अवैध निकासी करने की बात स्वीकार की है। उन्होंने बताया कि आरोपियों का पहले भी आपराधिक इतिहास रहा है। पुलिस चारों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया में जुटी है। इसके साथ ही गिरोह के अन्य सदस्यों और क्षेत्र में हुई एटीएम से जुड़ी घटनाओं में उनकी संलिप्तता की जांच की जा रही है।
छापेमारी दल में शामिल रहे कई पुलिस अधिकारी
इस कार्रवाई में पतरातू अंचल के पुलिस निरीक्षक सत्येंद्र कुमार सिंह, बासल थाना प्रभारी अनंत कुमार, पतरातू थाना प्रभारी विकास आर्यन, भुरकुंडा थाना प्रभारी शिवलाल कुशवाहा गुप्ता, रामगढ़ तकनीकी शाखा के नौशाद अहमद, बरलंगा थाना प्रभारी अशोक कुमार, बरकाकाना ओपी के राजेंद्र उरांव, बासल थाना के बिपिन बिहारी सिंह और बरकाकाना ओपी के परिक्षित महतो सहित सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
एटीएम इस्तेमाल करते समय सतर्क रहने की अपील
पुलिस ने आम लोगों से एटीएम का इस्तेमाल करते समय सावधानी बरतने की अपील की है। पुलिस के अनुसार, किसी अनजान व्यक्ति को अपना एटीएम कार्ड, पिन या ओटीपी नहीं बताना चाहिए। मशीन में कोई संदिग्ध उपकरण या छेड़छाड़ दिखाई देने पर तत्काल बैंक या पुलिस को सूचना देनी चाहिए। रुपये निकालने के बाद अपना कार्ड वापस लेना सुनिश्चित करें और एटीएम कक्ष में अनजान लोगों से सहायता लेने से बचें।

