झारखंड के रामगढ़ जिले में सोमवार सुबह पुलिस और अपराधियों के बीच हुई मुठभेड़ में कुख्यात गैंगस्टर प्रिंस खान के शूटर शिवराज राम उर्फ शिवा डोम (शिवराम) को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
भुरकुंडा में चला संयुक्त ऑपरेशन
पुलिस के अनुसार, यह मुठभेड़ भुरकुंडा थाना क्षेत्र के पुराने सेंट्रल स्कूल (रिवर साइड) के पास हुई। रांची, धनबाद और रामगढ़ पुलिस की संयुक्त टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर विशेष अभियान चलाया था।
पुलिस पर की फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में घायल
पुलिस टीम के पहुंचते ही शिवा डोम ने कथित तौर पर फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी। घायल होने के बाद उसे गिरफ्तार कर अस्पताल भेजा गया।
हथियार और कारतूस बरामद
मौके से पुलिस ने एक पिस्टल, करीब 60 जिंदा कारतूस और एक मोबाइल फोन बरामद किया है। शिवा की निशानदेही पर कुजू क्षेत्र से उसके सहयोगी अनीज अंसारी को भी गिरफ्तार किया गया। उसके पास से हथियार और 21 जिंदा गोलियां बरामद होने की जानकारी पुलिस ने दी है।
बड़ी वारदात की फिराक में था आरोपी
रामगढ़ के एसपी मुकेश कुमार लुणायत के अनुसार, शिवराज राम हाल ही में जेल से जमानत पर बाहर आया था। वह पहले अन्य आपराधिक गिरोहों के लिए काम कर चुका था और फिलहाल फरार गैंगस्टर प्रिंस खान के नेटवर्क से जुड़ा हुआ था। पुलिस का दावा है कि वह रांची में किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की तैयारी में था।

