रामगढ़: जिले में अपराध पर प्रभावी नियंत्रण और अपराधियों की सख्त निगरानी के उद्देश्य से रामगढ़ पुलिस ने तकनीक आधारित नई पहल शुरू की है। पुलिस अधीक्षक (एसपी) मुकेश कुमार लुणायत के निर्देश पर 1 जनवरी 2021 से 31 मार्च 2026 तक के 1,971 चार्जशीटेड अपराधियों की डिजिटल प्रोफाइल तैयार की गई है।
पुलिस के अनुसार, तैयार किए गए डेटाबेस में 1,374 अपराधी रामगढ़ जिले के, 458 अन्य जिलों के और 139 दूसरे राज्यों के हैं। इसमें हत्या, डकैती, लूट, रंगदारी, आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस, चोरी और वाहन चोरी जैसे गंभीर मामलों में आरोपित अपराधियों को शामिल किया गया है।
अपराधियों की निगरानी के लिए पुलिस ने ‘क्राइम प्रिवेंशन एंड डिटेक्शन विंग’ का गठन किया है। 36 सदस्यीय इस विशेष टीम में एसडीपीओ, डीएसपी मुख्यालय, सभी सर्किल इंस्पेक्टर तथा थाना और ओपी प्रभारी शामिल किए गए हैं। यह टीम सीधे एसपी के निर्देशन में कार्य करेगी और प्रत्येक 15 दिनों में इसकी समीक्षा की जाएगी।
इसके साथ ही डिजिटल क्रिमिनल मॉनिटरिंग पोर्टल (DCMP) भी शुरू किया गया है। इस पोर्टल पर अपराधियों का आपराधिक इतिहास, वर्तमान पता, जमानत की स्थिति और अपराध करने के तरीके (मोडस ऑपरेंडी) का पूरा रिकॉर्ड उपलब्ध रहेगा। पुलिस अपराधियों का डिजिटल और भौतिक दोनों स्तर पर सत्यापन करेगी, ताकि जेल से रिहा होने के बाद भी उनकी गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखी जा सके।
रामगढ़ पुलिस का कहना है कि इस तकनीक आधारित पहल से संगठित अपराध पर अंकुश लगाने, अपराधियों की त्वरित पहचान करने और वारदातों के शीघ्र खुलासे में मदद मिलेगी।