Site icon Jharkhand LIVE

Ramgarh Road Accident: रामगढ़ में भीषण सड़क हादसा, ट्रक-पिकअप की टक्कर में बैंड पार्टी के 8 सदस्यों की मौत

झारखंड के रामगढ़ जिले में गुरुवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में 8 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा रामगढ़-बोकारो मुख्य मार्ग (NH-23) पर रजरप्पा थाना क्षेत्र के लारी-बरलौंग गांव के पास हुआ, जहां कोयला लदे एक तेज रफ्तार ट्रक ने सामने से आ रही सवारी पिकअप वैन को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार 8 लोगों की जान चली गई।

पुलिस के अनुसार, मृतक हजारीबाग और रामगढ़ के रहने वाले एक प्रसिद्ध बैंड-ताशा पार्टी के सदस्य थे। सभी लोग एक कार्यक्रम पूरा कर मुजफ्फरपुर जा रहे थे। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ट्रक चालक ओवरटेक करने के दौरान गलत लेन में घुस गया, जिससे यह हादसा हुआ।

हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिला। लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं से नाराज लोगों ने रामगढ़-बोकारो हाईवे को जाम कर सड़क सुरक्षा बढ़ाने की मांग की। पुलिस और प्रशासन के समझाने के बाद जाम हटाया गया।

झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने हादसे पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई और घायलों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।

Exit mobile version