राजधानी रांची में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कोतवाली थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने नागाबाबा खटाल के पास फ्लाईओवर के नीचे ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री कर रहे दो कथित तस्करों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि नागाबाबा खटाल इलाके में कुछ लोग ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री कर रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को पकड़ लिया।

हजारीबाग से रांची लाकर बेचते थे ब्राउन शुगर

प्रारंभिक पूछताछ में दोनों आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे हजारीबाग से ब्राउन शुगर खरीदकर रांची लाते थे। इसके बाद कोतवाली थाना क्षेत्र के नागाबाबा खटाल और आसपास के इलाकों में घूम-घूमकर युवाओं को इसकी बिक्री करते थे।

पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर इस पूरे तस्करी नेटवर्क की कड़ियों का पता लगाने में जुटी है। यह भी पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि हजारीबाग से नशीला पदार्थ रांची तक पहुंचाने में कौन-कौन लोग शामिल हैं और शहर में इसकी सप्लाई किन लोगों तक की जा रही थी।

NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज

गिरफ्तार दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस तस्करी से जुड़े अन्य संदिग्धों की तलाश में भी जुटी है।

रांची पुलिस का कहना है कि युवाओं को नशे के जाल से बचाने और शहर में मादक पदार्थों की तस्करी पर रोक लगाने के लिए अलग-अलग थाना क्षेत्रों में एंटी-ड्रग्स अभियान लगातार चलाया जा रहा है।