Site icon Jharkhand LIVE

रांची में गरजा बुलडोजर, खाली कराया गया सरकारी जमीन पर अतिक्रमण

रांची बस टर्मिनल अतिक्रमण

रांची नगर निगम ने मंगलवार को कांटाटोली स्थित खादगढ़ा में बिरसा मुंडा अंतरराज्यीय बस टर्मिनल परिसर में बुलडोजर से अतिक्रमण हटाने का व्यापक अभियान चलाया। सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक चले अभियान में सड़क किनारे लगी अवैध संरचनाओं को ध्वस्त किया गया। इसमें बांस, बल्लियों के अलावा कंक्रीट से बनी निर्माण संरचनाएं भी शामिल थीं। नगर निगम की टीम ने परिसर में नाजायज समूहों और अड्डाबाजी कर रहे युवकों को पुलिस की मदद से खदेड़ा।

निगम की इन्फोर्समेंट टीम ने छह ठेले, गुमटी, दस लोहे के काउंटर, पांच बेंच, दो आयरन और आठ फ्लेक्स बोर्ड, बांस-बल्ली, 12 से अधिक टेबल-कुर्सी समेत अन्य सामान जब्त किया। परिसर में गंदगी फैलाने और अतिक्रमण के मामलों में वेंडरों पर जुर्माना लगाया गया।

नगर निगम प्रशासक सुशांत गौरव ने बताया कि बस टर्मिनल परिसर में प्रतिदिन बड़ी संख्या में महिला और बच्चे आते हैं। इसलिए सुरक्षा हित में परिसर को खुला, सुव्यवस्थित और निगरानी योग्य बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया। अब निगम टीम दिन में निरीक्षण करेगी और रात में गश्त भी की जाएगी।

अभियान के दौरान गंदगी फैलाने और अतिक्रमण के मामले में वेंडरों पर कुल 16 हजार रुपए का जुर्माना लगाया गया। गंदगी फैलाने पर दस हजार और अतिक्रमण पर छह हजार रुपए वसूल किए गए।

नगर निगम का यह कदम परिसर को व्यवस्थित और सुरक्षित बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास माना जा रहा है।

Exit mobile version