रांची में होटलों और बार में चल रहे कथित देह व्यापार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर शनिवार देर रात राजधानी के एक दर्जन से अधिक होटल और बार में पुलिस टीमों ने छापेमारी की। इस दौरान कचहरी चौक के पास स्थित Corinthia होटल से छह युवतियों और आठ युवकों को हिरासत में लिया गया है। होटल मैनेजर और कर्मचारियों से भी पूछताछ की जा रही है।
पुलिस की कार्रवाई के बाद होटल में हड़कंप मच गया। जांच के दौरान होटल में युवतियों से डांस कराए जाने की बात भी सामने आई है। पुलिस को आशंका है कि कथित देह व्यापार के लिए युवतियों को दलालों के जरिए होटल तक लाया जाता था। फिलहाल पुलिस हिरासत में लिए गए युवक-युवतियों और होटल स्टाफ से पूछताछ कर पूरे मामले की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।
4 से 10 हजार रुपये तक की डील की जांच
प्रारंभिक जांच में कथित तौर पर 4 हजार से 10 हजार रुपये तक के लेन-देन की जानकारी सामने आने की बात कही जा रही है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि युवतियों को होटल के कमरों तक कौन पहुंचाता था और पैसों का लेन-देन किसके माध्यम से होता था।
पुलिस को आशंका है कि इस कथित नेटवर्क के तार झारखंड के अलावा पश्चिम बंगाल समेत दूसरे राज्यों से भी जुड़े हो सकते हैं। अब जांच का फोकस दलालों, होटल प्रबंधन और इस पूरे नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों की भूमिका पर है।
लालपुर के कई होटल-बार में भी जांच
रांची के लालपुर थाना क्षेत्र में भी पुलिस टीमों ने आधा दर्जन से अधिक बार और होटलों में जांच की। यहां संदिग्ध युवक-युवतियों से पूछताछ की गई। पुलिस होटल संचालकों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
पुलिस का कहना है कि फिलहाल तथ्यों और साक्ष्यों को जुटाया जा रहा है। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। राजधानी में एक साथ कई होटल और बार में हुई इस कार्रवाई से होटल और बार कारोबार में हड़कंप मचा हुआ है।
नोट: मामले में पुलिस जांच जारी है और कथित देह व्यापार से जुड़े आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।

