राजधानी रांची के बिरयातू इलाके से एक बेहद सनसनीखेज और शर्मनाक मामला सामने आया है, जहां बर्थडे पार्टी के बहाने एक डॉक्टर छात्रा को फ्लैट में बुलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया गया। आरोप है कि मुख्य आरोपी ने उसे नशीला पदार्थ मिलाकर पिज्जा खिलाया, जिसके बाद वह विरोध करने की स्थिति में नहीं रही.

पीड़िता जमशेदपुर की रहने वाली है और रांची में हॉस्टल में रहकर मेडिकल की पढ़ाई कर रही थी। 9 अप्रैल की रात उसकी सहेली ने उसे बर्थडे पार्टी में बुलाया था। उसे बताया गया कि पार्टी में कई लड़कियां होंगी, लेकिन फ्लैट पर पहुंचने पर वहां तीन युवक—दानिश, फहद और शादाब—मौजूद थे।

नशीला पदार्थ देकर किया गया दुष्कर्म

पीड़िता के अनुसार, केक खाने के बाद आरोपी दानिश ने उसे पिज्जा दिया, जिसमें नशीला पदार्थ मिला हुआ था। पिज्जा खाते ही उसे चक्कर आने लगे और वह अचेत जैसी हो गई। इसी दौरान आरोपी ने कमरे का दरवाजा बंद कर उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया।

सदमे में रही पीड़िता, अस्पताल में भर्ती

घटना के बाद पीड़िता मानसिक रूप से टूट गई और दो दिनों तक किसी को कुछ नहीं बता सकी। जब उसकी तबीयत बिगड़ी तो उसे रांची के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। डॉक्टरों के अनुसार मेडिकल जांच में नशीले पदार्थ के सेवन की पुष्टि होने की संभावना है।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई, तीन आरोपी गिरफ्तार

लालपुर थाना में कांड संख्या 66/26 के तहत मामला दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस ने विशेष टीम बनाकर कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी दानिश और उसके साथी फहद मल्लिक को पश्चिम बंगाल के खड़गपुर से गिरफ्तार किया। वहीं, सह-अभियुक्ता ओली विश्वकर्मा को रांची से गिरफ्तार किया गया है।

एक आरोपी फरार, जांच जारी

इस मामले में शामिल एक अन्य आरोपी शादाब अभी भी फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। साथ ही अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच जारी है और फॉरेंसिक टीम को भी शामिल किया गया है।

प्रेस रिलीज में क्या कहा गया?

रांची पुलिस की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया कि पीड़िता के फर्दबयान के आधार पर मामला दर्ज किया गया है। वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर छापेमारी दल का गठन किया गया, जिसके नेतृत्व में कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया है कि फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास जारी हैं और मामले में शामिल सभी दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।