रांची के हिनू, एयरपोर्ट, बिरसा चौक और आसपास के इलाकों में लगातार हो रही बिजली कटौती, लो-वोल्टेज और ट्रिपिंग की समस्या से लोगों को जल्द राहत मिलने वाली है। बिजली विभाग ने क्षेत्र की बिजली व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए बड़ा तकनीकी बदलाव शुरू किया है। इसके तहत अब हिनू इलाके को एयरपोर्ट फीडर से जोड़कर बिजली आपूर्ति की जाएगी, जिससे सप्लाई पहले की तुलना में अधिक स्थिर और निर्बाध हो सकेगी।
नई व्यवस्था लागू होने के बाद हिनू और आसपास के करीब 20 हजार से अधिक उपभोक्ताओं को सीधा लाभ मिलेगा। अभी तक यह इलाका मुख्य रूप से कुसई फीडर पर निर्भर था, जिसके कारण फॉल्ट या मेंटेनेंस के दौरान लंबे समय तक बिजली बाधित रहती थी। लेकिन अब एयरपोर्ट फीडर को वैकल्पिक सप्लाई लाइन के रूप में इस्तेमाल किया जाएगा, जिससे ट्रिपिंग और अचानक होने वाली बिजली कटौती की समस्या काफी हद तक खत्म हो जाएगी।
बिजली विभाग के अनुसार, नई लोड शेयरिंग व्यवस्था से गर्मी के मौसम में बढ़ते दबाव को भी आसानी से संभाला जा सकेगा। इससे घरेलू उपभोक्ताओं के साथ-साथ दुकानदारों और छोटे व्यवसायों को भी राहत मिलेगी।
वहीं, हटिया और तुपुदाना सबस्टेशन को स्मार्ट सिटी के GIS ग्रिड से जोड़ने का काम भी तेजी से चल रहा है। इस परियोजना के पूरा होने के बाद हटिया ग्रिड पर बिजली का लोड कम होगा, जिससे डोरंडा, हिनू और एयरपोर्ट फीडर क्षेत्र में बार-बार होने वाले पावर कट की समस्या से स्थायी राहत मिलने की उम्मीद है।

