Site icon Jharkhand LIVE

रांची में पति ने पत्नी को पुल से नदी में धकेला, रातभर टापू पर फंसी रही महिला; ग्रामीण ने बचाई जान

रांची के अनगड़ा थाना क्षेत्र में एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है। आरोप है कि बुंडू थाना क्षेत्र के मधुकमा निवासी सुरेश महतो उर्फ मिथुनजय महतो ने अपनी पत्नी लखीमनी कुमारी (22) को जान से मारने की नीयत से पैका जोड़ा पुल से राढ़ू नदी में धकेल दिया। नदी के तेज बहाव में बहने के बाद महिला नदी के बीच एक टापू पर फंस गई और पूरी रात वहीं ठंड और पानी के बीच गुजारनी पड़ी।

पेट दर्द का बहाना बनाकर पुल पर रोकी बाइक

जानकारी के अनुसार, शनिवार रात करीब 8 बजे आरोपी अपनी पत्नी को बाइक से जोन्हा फॉल घुमाने के नाम पर घर से लेकर निकला था। वहां पर्यटकों की मौजूदगी के कारण वह कथित तौर पर अपने मंसूबे में सफल नहीं हो सका। इसके बाद वह पत्नी को अमरूद बागान और फिर टाटीसिलवे होते हुए पैका जोड़ा पुल के पास ले गया।

महिला के अनुसार, पुल पर पहुंचने के बाद पति ने पेट दर्द होने की बात कहकर बाइक रोक दी। जब वह पुल पर खड़ी थी, तभी आरोपी ने कथित तौर पर उसे नीचे नदी में धक्का दे दिया। नदी में गिरने के बाद तेज बहाव में बहते हुए महिला एक टापू तक पहुंच गई, जहां दोनों तरफ से नदी बह रही थी।

सुबह ग्रामीण की पड़ी नजर, पहले चुड़ैल समझकर भागा

रविवार सुबह करीब 4:30 बजे महली टोला के ग्रामीण सुकरा महली की नजर नदी के बीच टापू पर फंसी महिला पर पड़ी। महिला मदद के लिए चिल्ला रही थी, लेकिन अंधेरे में ग्रामीण ने उसे चुड़ैल समझ लिया और डरकर वहां से भाग गया।

बाद में उसने टोला के लोगों को इसकी जानकारी दी। करीब 4:50 बजे कई ग्रामीण मौके पर पहुंचे। दो-तीन ग्रामीण नदी में तैरकर महिला के पास पहुंचे और उसे सुरक्षित बाहर निकाला। करीब 5:15 बजे महिला को नदी से बाहर लाया गया। ठंड से वह कांप रही थी, हालांकि उसे कोई गंभीर चोट नहीं लगी।

12 मई 2026 को हुई थी शादी

लखीमनी ने ग्रामीणों को बताया कि उसकी शादी सुरेश महतो से 12 मई 2026 को हुई थी। पुलिस के अनुसार, वह सुरेश की दूसरी पत्नी है। उसकी पहली पत्नी से अलगाव के बाद लखीमनी से शादी हुई थी। थाना प्रभारी गौतम रजवार के मुताबिक, महिला ने पति के साथ किसी विवाद की बात से इनकार किया है और बताया कि उसे खुद नहीं पता कि पति ने ऐसा क्यों किया।

पति के खिलाफ मामला दर्ज, गिरफ्तारी के लिए छापेमारी

घटना की जानकारी मिलने के बाद अनगड़ा थाना प्रभारी गौतम रजवार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। महिला के बयान के आधार पर पति सुरेश महतो के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के मुताबिक, घटना के बाद से आरोपी का मोबाइल बंद है और वह फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए बुंडू सहित संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।

Exit mobile version